रायपुर जेल में बंद आरोपी ने दी NEET-UG री-एग्जाम, हाईकोर्ट के आदेश पर कड़ी सुरक्षा में पहुंचा परीक्षा केंद्र

रायपुर। रायपुर सेंट्रल जेल में न्यायिक हिरासत में बंद एक छात्र ने रविवार को आयोजित NEET-UG री-एग्जाम में हिस्सा लिया। हाईकोर्ट के निर्देश के बाद आरोपी छात्र को विशेष सुरक्षा व्यवस्था के बीच डब्ल्यूआरएस कॉलोनी स्थित केंद्रीय विद्यालय परीक्षा केंद्र पहुंचाया गया।
आरोपी की पहचान रायपुर के शिवानंद नगर निवासी कुणाल तरुणकर के रूप में हुई है। उस पर एक युवती को कथित रूप से मानसिक प्रताड़ना देकर आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप है। मामले में उसे भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 108 के तहत गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया था।
क्या है मामला?
जानकारी के अनुसार, 20 अप्रैल को 20 वर्षीय युवती ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। जांच के दौरान मृतका की डायरी, कथित सुसाइड नोट और मोबाइल फोन से मिले साक्ष्यों के आधार पर कुणाल तरुणकर की भूमिका सामने आई। आरोप है कि वह युवती पर मिलने का दबाव बनाता था, गाली-गलौज करता था और उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित करता था।
हाईकोर्ट ने दी परीक्षा में शामिल होने की अनुमति
छात्र की ओर से अधिवक्ता अनुकूल विश्वास ने हाईकोर्ट में अंतरिम आवेदन दायर कर परीक्षा में शामिल होने की अनुमति मांगी थी। मामले की त्वरित सुनवाई करते हुए मुख्य न्यायाधीश रमेश सिन्हा ने छात्र को री-NEET परीक्षा देने की अनुमति प्रदान की।
कोर्ट ने रायपुर पुलिस अधीक्षक और जेल अधीक्षक को निर्देश दिया कि छात्र को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के साथ समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचाया जाए और परीक्षा में शामिल होने की पूरी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
विशेष सुरक्षा में पहुंचा परीक्षा केंद्र
हाईकोर्ट के आदेश के बाद जेल प्रशासन ने एक विशेष सुरक्षा दल गठित किया, जिसमें एएसआई, हवलदार और पुलिसकर्मी शामिल थे। सुरक्षा टीम की निगरानी में आरोपी छात्र को परीक्षा केंद्र लाया गया, जहां उसने NEET-UG री-एग्जाम में हिस्सा लिया।

