Follow Us on Our Social Media
Chhattisgarh

त्योहारी सीजन में यात्रियों को बड़ी राहत, LTT-सांतरागाछी के बीच चलेगी पूजा स्पेशल ट्रेन; छत्तीसगढ़ के 5 स्टेशनों पर ठहराव

बिलासपुर। नवरात्र और दशहरा समेत त्योहारी सीजन में ट्रेनों में बढ़ने वाली यात्रियों की भीड़ को देखते हुए रेलवे ने अतिरिक्त यात्री सुविधा की तैयारी की है। लोकमान्य तिलक टर्मिनस (LTT) और सांतरागाछी के बीच चार-चार फेरों के लिए साप्ताहिक पूजा विशेष ट्रेन चलाई जाएगी। यह ट्रेन छत्तीसगढ़ के बिलासपुर, रायपुर, दुर्ग, गोंदिया और रायगढ़ स्टेशनों पर रुकेगी, जिससे प्रदेश के यात्रियों को अतिरिक्त यात्रा विकल्प मिलेगा।

6 से 27 अक्टूबर तक हर मंगलवार चलेगी ट्रेन

रेलवे के अनुसार, गाड़ी संख्या 01107 लोकमान्य तिलक टर्मिनस-सांतरागाछी पूजा विशेष साप्ताहिक ट्रेन 6 से 27 अक्टूबर तक प्रत्येक मंगलवार को LTT से रवाना होगी। ट्रेन अगले दिन दोपहर 12.04 बजे गोंदिया पहुंचेगी और 12.06 बजे रवाना होगी। इसके बाद दोपहर 2.15 बजे दुर्ग, 2.55 बजे रायपुर, शाम 4.45 बजे बिलासपुर और 6.33 बजे रायगढ़ पहुंचेगी। ट्रेन तीसरे दिन सुबह 5 बजे सांतरागाछी पहुंचेगी।

वापसी में गुरुवार को होगा संचालन

वापसी में गाड़ी संख्या 01108 सांतरागाछी-लोकमान्य तिलक टर्मिनस पूजा विशेष ट्रेन 8 से 29 अक्टूबर तक प्रत्येक गुरुवार को चलेगी। यह ट्रेन सांतरागाछी से सुबह 11 बजे रवाना होकर रात 8.08 बजे रायगढ़ पहुंचेगी। इसके बाद रात 10.25 बजे बिलासपुर, अगले दिन रात 12.05 बजे रायपुर, दोपहर 2.55 बजे दुर्ग और शाम 5.06 बजे गोंदिया पहुंचेगी। इसके बाद ट्रेन अगले दिन रात 9.30 बजे LTT पहुंचेगी।

कई प्रमुख शहरों को जोड़ेगी पूजा स्पेशल

दोनों दिशाओं में ट्रेन ठाणे, कल्याण, इगतपुरी, नासिक रोड, भुसावल, मलकापुर, अकोला, बडनेरा, नागपुर, गोंदिया, दुर्ग, रायपुर, बिलासपुर, रायगढ़, झारसुगुड़ा, राउरकेला, चक्रधरपुर, टाटानगर और खड़गपुर समेत कई प्रमुख स्टेशनों पर रुकेगी।

इससे महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, ओडिशा और झारखंड के यात्रियों को त्योहारी सीजन में लंबी दूरी की यात्रा के लिए अतिरिक्त विकल्प मिलेगा।

22 LHB कोच के साथ चलेगी ट्रेन

पूजा स्पेशल ट्रेन में कुल 22 LHB कोच लगाए जाएंगे। इनमें दो विद्युत आपूर्ति यान, 15 एसी थर्ड क्लास, तीन एसी सेकेंड क्लास, एक एसी फर्स्ट क्लास और एक पेंट्रीकार शामिल होगा। रेलवे के मुताबिक, इस अतिरिक्त ट्रेन से त्योहारों के दौरान नियमित ट्रेनों में बढ़ने वाली भीड़ को कम करने और यात्रियों को आरक्षित बर्थ के अतिरिक्त विकल्प उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

यात्रा से पहले समय जरूर जांचें

रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले ट्रेन के संचालन दिवस, समय और ठहराव की जानकारी जरूर जांच लें। यात्री NTES, RailOne App या रेलवे की अधिकृत वेबसाइट के माध्यम से ट्रेन की अद्यतन जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

Follow Us on Our Social Media

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button