Follow Us on Our Social Media
ChhattisgarhBilaspur

बिलासपुर में बारिश बनी आफत,कॉलोनियों में चली नाव

कलेक्टर बंगला डूबा, ट्रेनें रद्द

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने शहर की रफ्तार थाम दी है। हालात इतने खराब हो गए हैं कि कई कॉलोनियां तालाब में तब्दील हो गईं और लोगों को निकालने के लिए नाव चलानी पड़ी। शहर के निचले इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। सरकंडा और चांटीडीह क्षेत्र से SDRF की टीम ने 40 से अधिक लोगों का सुरक्षित रेस्क्यू किया है। वहीं, भारी जलभराव के कारण कलेक्टर बंगले में भी पानी घुस गया, जहां नगर निगम की टीम लगातार जल निकासी में जुटी हुई है।

सड़कें बनीं नदी, बिजलीपानी व्यवस्था भी चरमराई

गुरुवार दोपहर से शुरू हुई बारिश रातभर जारी रही, जिससे शहर की कई प्रमुख सड़कें पूरी तरह जलमग्न हो गईं। कई जगह सड़क और नाले का अंतर तक खत्म हो गया, जिससे वाहन चालकों और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। शहर के कई मोहल्लों और कॉलोनियों में पानी भरने के साथ बिजली आपूर्ति भी बाधित हो गई। कई ट्रांसफॉर्मर पानी में डूब गए, जिससे पेयजल संकट भी गहरा गया है।

रेलवे ट्रैक पर भरा पानी, 5 मेमू ट्रेनें रद्द

लगातार बारिश का असर रेलवे संचालन पर भी पड़ा है। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के बिलासपुर मंडल में रेलवे ट्रैक और स्टेशन परिसर में पानी भरने से कई ट्रेनों की आवाजाही प्रभावित हुई। रेलवे प्रशासन ने सुरक्षा के मद्देनजर 5 मेमू ट्रेनों को रद्द कर दिया है, जबकि 3 ट्रेनों का संचालन आंशिक रूप से किया जा रहा है।

रायगढ़-बिलासपुर मेमू को चांपा स्टेशन पर ही समाप्त किया गया, जबकि बिलासपुर-रायगढ़ मेमू अब चांपा से संचालित होगी। वहीं रायपुर-बिलासपुर मेमू को दाधापारा से ही वापस रवाना कर दिया गया।

स्कूलों में छुट्टी, हाईवे पर लगा लंबा जाम

भारी बारिश और जलभराव को देखते हुए जिला प्रशासन ने बिलासपुर के कई स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया है। दूसरी ओर, नेशनल हाईवे-49 पर मस्तूरी के पास सड़क के ऊपर से पानी बहने लगा, जिससे कई वाहन बीच रास्ते में फंस गए और लंबा ट्रैफिक जाम लग गया। प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।

लीलागर नदी उफान पर, कुटीघाट पुल खतरे के निशान से ऊपर

लगातार बारिश के चलते लीलागर नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है। बिलासपुर और जांजगीर-चांपा को जोड़ने वाला कुटीघाट पुल खतरे के निशान से ऊपर बह रहा है। पुल के ऊपर से पानी बहने के कारण आवागमन प्रभावित हो गया है। प्रशासन ने लोगों को पुल पार नहीं करने और सतर्क रहने की सलाह दी है।

यातायात पुलिस का अलर्ट, निचले इलाकों के लोगों से सतर्क रहने की अपील

बिलासपुर यातायात पुलिस ने जलभराव वाले क्षेत्रों की सूची जारी कर लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है। मौसम विभाग के अनुसार 1 जून से अब तक जिले में 325.1 मिमी औसत वर्षा दर्ज की जा चुकी है, जो पिछले 10 वर्षों के औसत का 92.4 प्रतिशत है। प्रशासन ने निचले इलाकों में रहने वाले लोगों से सतर्क रहने और बिना जरूरत घर से बाहर नहीं निकलने की सलाह दी है।

 

Follow Us on Our Social Media

Shruti Jangde

With over 6 years of experience in the media industry, I specialize in news anchoring, copywriting, and digital journalism. I cover a wide range of news, delivering accurate, unbiased, and fact-based reporting. Passionate about bringing the truth to the public, I am committed to ethical journalism and credible storytelling. My goal is to inform, inspire, and make a meaningful impact through responsible reporting.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button