विशाखापत्तनम में 19 अगस्त से RSS की अखिल भारतीय समन्वय बैठक, Gen Z और युवाओं से जुड़ाव पर होगा मंथन

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) की तीन दिवसीय अखिल भारतीय समन्वय बैठक 19 से 21 अगस्त तक आंध्र प्रदेश के तटीय शहर विशाखापत्तनम में आयोजित होगी। बैठक में संघ से जुड़े 32 समविचारी संगठनों के शीर्ष पदाधिकारी शामिल होंगे। संघ प्रमुख डॉ. मोहन भागवत बैठक की अध्यक्षता करेंगे। सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले समेत संघ के सभी सह सरकार्यवाह और प्रमुख पदाधिकारी भी मौजूद रहेंगे।
मुख्य बैठक से पहले 16 अगस्त से संघ के शीर्ष पदाधिकारियों की ‘कोर ग्रुप’ बैठक होगी। इसमें तीन दिनों तक होने वाली बैठक के एजेंडे को अंतिम रूप दिया जाएगा।
यह भी पढ़ें – छत्तीसगढ़ राजभाषा आयोग का 19वां स्थापना दिवस मनाया गया
Gen Z और युवाओं से जुड़ाव पर खास जोर
बैठक में Gen Z और नई पीढ़ी के साथ बेहतर संवाद स्थापित करने पर विशेष चर्चा होने की संभावना है। डिजिटल माध्यमों और सोशल मीडिया के जरिए युवाओं को सामाजिक सरोकारों से जोड़ने की रणनीति पर विचार किया जाएगा। इस दिशा में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) को अहम भूमिका दिए जाने की संभावना है।
संगठन विस्तार और नियुक्तियों पर भी मंथन
बैठक में विभिन्न राज्यों में लंबित संगठनात्मक नियुक्तियों और जिम्मेदारियों के पुनर्वितरण पर भी चर्चा हो सकती है। संगठन विस्तार से जुड़े मुद्दों पर विचार-विमर्श के बाद आगे की रणनीति तय किए जाने की संभावना है।
‘पंच परिवर्तन’ समेत सामाजिक मुद्दे एजेंडे में
RSS की बैठक में ‘पंच परिवर्तन’, जनसंख्या असंतुलन, नशा मुक्ति, सामाजिक समरसता और युवा जागरण जैसे मुद्दों पर भी चर्चा होने की संभावना है। संघ से जुड़े विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों के अनुभव, चुनौतियों और भविष्य की योजनाओं को साझा करेंगे।
सकारात्मक विमर्श पर भी चर्चा
बैठक में संघ परिवार से जुड़े संगठनों को लेकर बने नकारात्मक विमर्श का मुकाबला करने और सकारात्मक जन-विमर्श को मजबूत करने की रणनीति पर भी विचार हो सकता है।
बैठक के बाद विदेश यात्रा पर जाएंगे मोहन भागवत
अखिल भारतीय समन्वय बैठक के बाद संघ प्रमुख डॉ. मोहन भागवत तीन देशों की यात्रा पर जाएंगे। इनमें उनका कनाडा दौरा महत्वपूर्ण माना जा रहा है। कनाडा में सिख समुदाय से जुड़े विभिन्न मुद्दों और वहां मौजूद संगठनों के साथ संवाद के लिहाज से इस यात्रा को अहम बताया जा रहा है।
समन्वय और संयुक्त कार्ययोजना पर रहेगा फोकस
इस बैठक का मुख्य उद्देश्य संघ से जुड़े विभिन्न संगठनों के बीच बेहतर तालमेल बनाना, जमीनी अनुभव साझा करना और आगामी वर्ष के लिए संयुक्त कार्ययोजना की दिशा तय करना है। बैठक में अलग-अलग संगठनों के पदाधिकारी अपने अनुभव और चुनौतियां साझा करेंगे। इसके आधार पर भविष्य में संघ परिवार के संगठनों के बीच समन्वय और संयुक्त गतिविधियों को मजबूत करने की रणनीति तय की जाएगी।



