सोनम वांगचुक को निजी अस्पताल भेजने की मांग पर दिल्ली हाईकोर्ट सख्त, सभी मेडिकल रिपोर्ट तलब

नई दिल्ली। दिल्ली हाईकोर्ट ने सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक को सफदरजंग अस्पताल से निजी अस्पताल में शिफ्ट करने की मांग पर सुनवाई करते हुए सभी मेडिकल रिपोर्ट पेश करने का निर्देश दिया है। कोर्ट ने कहा कि फैसला डॉक्टरों की राय और मेडिकल रिपोर्ट देखने के बाद ही लिया जाएगा।
मुख्य न्यायाधीश डी.के. उपाध्याय और न्यायमूर्ति तेजस करिया की खंडपीठ ने सफदरजंग अस्पताल, एम्स और निजी लैब की सभी मेडिकल रिपोर्ट कोर्ट में जमा करने को कहा है। साथ ही अस्पताल के डॉक्टरों और मेडिकल टीम से भी मामले में सहयोग करने को कहा गया है।
यह सुनवाई सोनम वांगचुक की पत्नी डॉ. गीतांजलि अंगमो की याचिका पर हुई। उन्होंने वांगचुक को बेहतर इलाज के लिए मेदांता जैसे निजी अस्पताल में स्थानांतरित करने की अनुमति मांगी है। इससे पहले एकल पीठ ने इस मांग को स्वीकार करने से इनकार कर दिया था।
कोर्ट ने यह भी कहा कि वांगचुक के खून और यूरिन की जांच से जुड़ी सभी रिपोर्ट भी रिकॉर्ड में पेश की जाएं। इसके बाद डॉक्टरों की राय सुनकर ही आगे का फैसला लिया जाएगा।
मामले की अगली सुनवाई मंगलवार दोपहर 12:30 बजे होगी।
सोनम वांगचुक को 18 जुलाई को दिल्ली पुलिस जंतर-मंतर से सफदरजंग अस्पताल लेकर गई थी। उस समय वह NEET-UG 2026 पेपर लीक मामले को लेकर छात्रों के समर्थन में भूख हड़ताल पर बैठे थे।

