Follow Us on Our Social Media
National

स्पेशल डीजी का भतीजा लॉरेंस बिश्नोई का शूटर, पुलिस ने किया गिरफ्तार

मोहाली में 5 करोड़ की रंगदारी के बाद फायरिंग, लॉरेंस बिश्नोई गैंग के शूटर मॉड्यूल का खुलासा, 4 आरोपी पकड़े गए; 5 पिस्तौल और 12 कारतूस बरामद

दिल्ली। मोहाली में कारोबारियों से करोड़ों रुपए की रंगदारी मांगने और उनके घरों पर फायरिंग करने के मामले में पुलिस ने लॉरेंस बिश्नोई गैंग (Lawrence) से जुड़े शूटर मॉड्यूल का खुलासा किया है। पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें चंडीगढ़ सेक्टर-35ए निवासी आकाशदीप सिंह भी शामिल है। पुलिस के अनुसार आकाशदीप सिंह पंजाब पुलिस के स्पेशल डीजीपी रैंक के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी की भाभी अमरीन राय का बेटा है।

पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने मोहाली के कारोबारियों से पांच-पांच करोड़ रुपए की रंगदारी मांगी थी। रंगदारी नहीं देने पर कारोबारियों के घरों के बाहर फायरिंग की जा रही थी। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से पांच पिस्तौल और 12 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।

चार आरोपी गिरफ्तार, एक की तलाश जारी

मोहाली पुलिस ने जिन चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, उनमें आकाशदीप सिंह (Lawrence) के अलावा बठिंडा के लहरा सोधा निवासी प्रवीण कुमार उर्फ काली, खरड़ सेक्टर-114 की आंसल कॉलोनी निवासी जसमनदीप सिंह और हरियाणा के यमुनानगर निवासी दुशंत शर्मा उर्फ शम्मी शामिल हैं।

जांच में पुलिस ने आरोपियों की अलग-अलग भूमिकाएं सामने आने की बात कही है। पुलिस के अनुसार जसमनदीप सिंह फायरिंग से पहले कारोबारियों की कोठियों की रेकी करता था। दुशंत शर्मा पर वारदात में इस्तेमाल होने वाले हथियारों को संभालने की जिम्मेदारी होने का आरोप है।

पुलिस के मुताबिक आकाशदीप सिंह, प्रवीण कुमार और सिमरदीप सिंह उर्फ जश्न फायरिंग करते थे। इस मामले में सिमरदीप की गिरफ्तारी अभी बाकी है।

बुड़ैल जेल से नेटवर्क चलाने का दावा

पुलिस की जांच में इस मॉड्यूल का कनेक्शन चंडीगढ़ की बुड़ैल जेल तक पहुंचा है। पुलिस के अनुसार लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा रविंदर सिंह उर्फ काली बलौंगी का रहने वाला है और जेल में बंद होने के बावजूद नेटवर्क के संपर्क में था।

पुलिस का दावा है कि काली जेल में रहते हुए इस आपराधिक नेटवर्क को संचालित कर रहा था। वह पहले पटियाला जेल में बंद था और पिछले कुछ महीनों से बुड़ैल जेल में है। मोहाली पुलिस उसे प्रोडक्शन वारंट पर लाकर पूछताछ करने की तैयारी कर रही है।

पुलिस उससे शूटरों को निर्देश देने, हथियारों की व्यवस्था और जेल से बाहर मौजूद आरोपियों के साथ संपर्क के संबंध में पूछताछ करेगी।

विदेश में बैठे आरोपी से संपर्क की जांच

जांच के दौरान विदेश में बैठे कुलवीर सिंह सिद्धू (Lawrence) का नाम भी सामने आया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी उसके संपर्क में थे। पुलिस अब इस कनेक्शन की भी जांच कर रही है कि विदेश में बैठे व्यक्ति की भूमिका नेटवर्क में क्या थी और आरोपियों के बीच किस तरह संपर्क होता था।

चीनी कुबाहेड़ी हत्याकांड से भी कनेक्शन की जांच

इस गिरफ्तारी के बाद चंडीगढ़ के सेक्टर-9 में कारोबारी चीनी कुबाहेड़ी की हत्या के मामले से भी संभावित कनेक्शन की जांच का दायरा बढ़ गया है। रिपोर्ट के अनुसार इस हत्याकांड की जांच के दौरान पंजाब के स्पेशल डीजीपी रैंक के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी की भाभी अमरीन राय के बेटे आकाशदीप सिंह का नाम सामने आया है।

मोहाली के एसएसपी वरुण शर्मा के अनुसार सीआईए स्टाफ और ऑपरेशन सेल की टीमों ने वारदात के दिन से ही आरोपियों की तलाश शुरू कर दी थी। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के जरिए रंगदारी नेटवर्क, फायरिंग की घटनाओं, हथियारों की सप्लाई और जेल में बंद आरोपियों के संपर्कों की जानकारी जुटा रही है।

फिलहाल पुलिस की जांच यह पता लगाने पर केंद्रित है कि मोहाली में कारोबारियों को निशाना बनाने वाला यह नेटवर्क कितनी वारदातों में शामिल रहा है और इसके पीछे जेल तथा विदेश से संचालित संपर्कों की क्या भूमिका थी।

Follow Us on Our Social Media

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button