Follow Us on Our Social Media
National

आज का मौसम: 16 राज्यों में बारिश का अलर्ट, 60-70 किमी की रफ्तार से चल सकती हैं हवाएं

दिल्ली। देशभर में मानसून (Weather) की गतिविधियां अभी जारी हैं। 18 सितंबर को उत्तर, मध्य, पूर्व और दक्षिण भारत के कई हिस्सों में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का दौर रहने का अनुमान है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक अगले कुछ दिनों में कई राज्यों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। वहीं, बंगाल की खाड़ी और अंडमान सागर के आसपास बन रहा नया मौसम तंत्र अगले सप्ताह बारिश को और सक्रिय कर सकता है।

16 राज्यों में बारिश-आंधी का अलर्ट

18 सितंबर को दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, महाराष्ट्र, झारखंड, जम्मू-कश्मीर, गुजरात और पश्चिम बंगाल समेत कई राज्यों में बारिश की संभावना है। कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। स्थानीय मौसम परिस्थितियों के आधार पर हवा की रफ्तार 60 से 70 किमी प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना जताई गई है।

उत्तर भारत में दिल्ली, हरियाणा, चंडीगढ़ और पंजाब में बारिश का असर देखने को मिल सकता है। पहाड़ी राज्यों हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बारिश के साथ गरज-चमक की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है। पहाड़ी इलाकों में लगातार बारिश होने पर स्थानीय स्तर पर भूस्खलन और सड़क बाधित होने जैसी समस्याएं सामने आ सकती हैं।

छत्तीसगढ़ में 18 से 23 सितंबर तक बारिश

छत्तीसगढ़ में भी मानसून सक्रिय (Weather)  रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार 18 सितंबर को कुछ स्थानों पर बारिश के बाद 19 से 23 सितंबर के बीच बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। इस दौरान कई हिस्सों में गरज-चमक और बिजली गिरने की स्थिति बन सकती है। 20 से 23 सितंबर के बीच कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना भी जताई गई है।

मध्य प्रदेश में 18 और 19 सितंबर को कई इलाकों में व्यापक बारिश हो सकती है। इसके बाद बारिश की गतिविधियों में कुछ कमी आने का अनुमान है। महाराष्ट्र के विदर्भ में भी बारिश जारी रहने और 22 सितंबर के आसपास गतिविधि बढ़ने की संभावना है।

पूर्वी भारत में तेज बारिश

ओडिशा, पश्चिम बंगाल और बिहार में भी मौसम सक्रिय रहेगा। ओडिशा में 18 सितंबर को कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। 19 से 23 सितंबर के बीच राज्य के कई हिस्सों में बारिश का दायरा बढ़ने का अनुमान है। पश्चिम बंगाल के उप-हिमालयी इलाकों में 18 सितंबर को भारी बारिश की संभावना है। बिहार में भी 18 सितंबर तक कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है।

बंगाल की खाड़ी में नया सिस्टम

मौसम विभाग के अनुसार उत्तर थाईलैंड के ऊपर बना ऊपरी वायुमंडलीय परिसंचरण 18 सितंबर की शाम तक उत्तर अंडमान सागर के आसपास पहुंच सकता है। इसके प्रभाव से 19 सितंबर की शाम के आसपास अंडमान सागर और आसपास के क्षेत्र में कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है।

इस सिस्टम के कारण ओडिशा, आंध्र प्रदेश और आसपास के मध्य एवं पूर्वी भारत में आने वाले दिनों में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। हालांकि, अभी इसे चक्रवात कहना जल्दबाजी होगी। IMD की ओर से फिलहाल चक्रवात की चेतावनी जारी नहीं की गई है।

दक्षिण भारत में भी बारिश का दौर

तमिलनाडु, केरल, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और कर्नाटक में भी अगले कुछ दिनों तक बारिश (Weather) का दौर जारी रहने का अनुमान है। तमिलनाडु और केरल में कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। आंध्र प्रदेश में 19 से 21 सितंबर के बीच भारी बारिश और 60 किमी प्रति घंटे तक की तेज हवाओं की संभावना है। कर्नाटक में 19 से 23 सितंबर के बीच बारिश बढ़ने का अनुमान है।

गुजरात में भी सक्रिय रहेगा मानसून

गुजरात में 18 सितंबर को कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। अहमदाबाद, गांधीनगर, राजकोट, सूरत और वडोदरा समेत कई क्षेत्रों में बारिश जारी रह सकती है। राज्य में 23 सितंबर तक अलग-अलग हिस्सों में मानसूनी गतिविधियां बने रहने का अनुमान है।

देश में मानसून की वापसी की प्रक्रिया भी जल्द शुरू होने वाली है। IMD के अनुसार उत्तर-पश्चिम भारत से मानसून की वापसी 19 सितंबर के आसपास शुरू होने के लिए परिस्थितियां अनुकूल हो रही हैं। इसके बावजूद देश के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी रहेगा।

Follow Us on Our Social Media

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button