पीएम आवास योजना में गड़बड़ी पर सख्त हुए विजय शर्मा, कबीरधाम में दो ठेकेदारों के खिलाफ FIR दर्ज

रायपुर। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत गरीब और जरूरतमंद परिवारों के घर निर्माण में अनियमितता, लापरवाही और हितग्राहियों से धोखाधड़ी के मामलों को लेकर छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने सख्त रुख अपनाया है। कबीरधाम जिले में प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना के हितग्राहियों से पैसे लेने और आवास निर्माण नहीं करने की शिकायतों पर दो ठेकेदारों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। दोनों मामलों में कुल नौ हितग्राहियों से 5 लाख 9 हजार रुपये लेने की शिकायत सामने आई है।
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने स्पष्ट किया कि प्रधानमंत्री आवास योजना गरीब परिवारों के पक्के घर का सपना पूरा करने की महत्वपूर्ण योजना है। इसमें किसी भी स्तर पर गड़बड़ी या हितग्राहियों के हक की राशि का दुरुपयोग बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आवास निर्माण में लापरवाही और गरीबों के साथ धोखाधड़ी करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
बोड़ला में दो मामलों में दर्ज हुई FIR
कबीरधाम जिले के बोड़ला विकासखंड में प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना के तहत आवास निर्माण के नाम पर राशि लेने के बावजूद काम पूरा नहीं करने की शिकायतों पर कार्रवाई की गई है।
ग्राम पंचायत राजाढ़ार के पांच हितग्राहियों से कुल 3 लाख 20 हजार रुपये लेने और आवास निर्माण नहीं करने के आरोप में ठेकेदार कुमार मेरावी के खिलाफ 14 अक्टूबर को चिल्फी थाने में भारतीय न्याय संहिता, 2023 की धारा 318(4) के तहत एफआईआर दर्ज की गई।
शिकायत के अनुसार, ग्राम राजाढ़ार के देवसिंह, मंधोर बाई और पुसीया बाई से 60-60 हजार रुपये, कौशिल्या बाई से 80 हजार रुपये तथा ननकी बाई से 60 हजार रुपये आवास निर्माण के नाम पर लिए गए थे। आरोप है कि करीब डेढ़ साल बीतने के बाद भी आवास नहीं बनाए गए और न ही हितग्राहियों की राशि लौटाई गई। इसके बाद हितग्राहियों की लिखित शिकायत पर मामला दर्ज किया गया।
आमानारा में चार हितग्राहियों से पैसे लेने का आरोप
इसी तरह बोड़ला विकासखंड की ग्राम पंचायत आमानारा में चार हितग्राहियों से आवास निर्माण के नाम पर राशि लेने की शिकायत पर ठेकेदार तुमेश गोड़ के खिलाफ 13 अक्टूबर को तरेगांव जंगल थाने में एफआईआर दर्ज की गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बैसाखू बैगा से 64 हजार रुपये, सुकोर बाई से 60 हजार रुपये, सोनिया बाई से 45 हजार रुपये और रनो बाई से 20 हजार रुपये लेने की शिकायत दर्ज कराई गई है। इस मामले में कुल 1 लाख 89 हजार रुपये की राशि का उल्लेख है। पुलिस ने मामले में अपराध दर्ज कर कार्रवाई शुरू की है।
गरीबों के हक की राशि का दुरुपयोग बर्दाश्त नहीं: विजय शर्मा
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना केवल मकान बनाने की योजना नहीं है, बल्कि गरीब परिवारों को सुरक्षा, सम्मान और स्थायित्व देने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मंशा है कि प्रत्येक जरूरतमंद परिवार को पक्का आवास मिले। विशेष रूप से दूरस्थ वनांचलों में रहने वाले विशेष पिछड़ी जनजाति के परिवारों को सुरक्षित और सम्मानजनक आवास उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।
शर्मा ने कहा कि आवास निर्माण के लिए स्वीकृत राशि पर केवल हितग्राहियों का अधिकार है। इस राशि का दुरुपयोग करने या आवास निर्माण के नाम पर गरीब परिवारों को परेशान करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवास निर्माण में पारदर्शिता सुनिश्चित करने और हितग्राहियों को समय पर आवास उपलब्ध कराने की आवश्यकता पर जोर दिया।
उप मुख्यमंत्री ने दोहराया कि गरीबों के अधिकारों की रक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है और अनियमितता सामने आने पर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।



