Follow Us on Our Social Media
National

RSS के पथ संचलन में शामिल हुए दो सरकारी शिक्षक, हुए सस्पेंड

कर्नाटक के यादगीर में कार्रवाई; विभाग ने सिविल सेवा आचरण नियमों का उल्लंघन माना

बेंगलुरु। कर्नाटक के यादगीर जिले में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के पथ संचलन में शामिल होना दो सरकारी शिक्षकों को भारी पड़ गया। शिक्षा विभाग ने RSS के कार्यक्रम में भाग लेने के आरोप में दो सरकारी शिक्षकों को निलंबित कर दिया है। विभाग ने इसे कर्नाटक सिविल सेवा आचरण नियमों का उल्लंघन और कर्तव्य की अवहेलना माना है।

निलंबित शिक्षकों में हुनसगी स्थित सरकारी बालिका उच्च विद्यालय के सहायक शिक्षक गुरुराज जोशी और सुरपुर तालुका के कुप्पी स्थित सरकारी निम्न प्राथमिक विद्यालय के हेडमास्टर अन्ना साहेब देशमुख शामिल हैं। दोनों पर अलग-अलग स्थानों पर आयोजित RSS के पथ संचलन में शामिल होने का आरोप है।

कार्यक्रम की तस्वीर सामने आने के बाद शिकायत

विभागीय कार्रवाई के मुताबिक गुरुराज जोशी पर 12 अक्टूबर 2025 को विजयपुरा जिले के तालिकोटी में आयोजित RSS पथ संचलन में शामिल होने का आरोप है। कार्यक्रम में उनकी मौजूदगी की तस्वीर एक कन्नड़ अखबार में प्रकाशित हुई थी। इसके बाद शिकायत मिलने पर शिक्षा विभाग ने मामले की जांच शुरू की और जोशी को कारण बताओ नोटिस जारी किया।

जोशी ने अपने जवाब में कहा था कि कार्यक्रम रविवार को स्कूल समय के बाद हुआ था और यह राजनीतिक नहीं, बल्कि सांस्कृतिक कार्यक्रम था। हालांकि विभाग ने उनके तर्क को स्वीकार नहीं किया।

हेडमास्टर ने भी दिया था समान जवाब

अन्ना साहेब देशमुख पर 10 अक्टूबर 2025 को हुनसागी में आयोजित RSS पथ संचलन में शामिल होने का आरोप है। शिकायत के बाद उन्हें भी कारण बताओ नोटिस दिया गया। देशमुख ने भी कार्यक्रम को गैर-राजनीतिक और स्कूल समय के बाहर आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम बताया था।

शिक्षा विभाग ने दोनों के खिलाफ विभागीय जांच लंबित रहने तक निलंबन की कार्रवाई की है। अधिकारियों के अनुसार जांच पूरी होने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।

Follow Us on Our Social Media

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button