उद्धव ठाकरे का BJP पर हमला: बोले- भाजपा दूसरों के बच्चे चुराती है, कांग्रेस ने कभी शिवसेना तोड़ने की कोशिश नहीं की

मुंबई। शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे ने पार्टी में हुई टूट और सांसदों की बगावत को लेकर भाजपा (BJP) पर तीखा हमला बोला है।
मुंबई के भांडुप में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि बाल ठाकरे की बनाई शिवसेना ने करीब 30 साल तक कांग्रेस से राजनीतिक लड़ाई लड़ी, लेकिन कांग्रेस ने कभी पार्टी को तोड़ने या उसका नाम छीनने की कोशिश नहीं की। भाजपा ने वही पाप किया है और अब दूसरों के बच्चे चुराने का काम कर रही है।
उद्धव ठाकरे ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह (BJP) के उस बयान पर भी पलटवार किया, जिसमें शाह ने कहा था कि अब केवल एक ही शिवसेना है और उसका नेतृत्व एकनाथ शिंदे कर रहे हैं। ठाकरे ने कहा कि उनके नेतृत्व वाली शिवसेना ही असली शिवसेना है और कुछ सांसदों की बगावत से वह निराश नहीं हैं।
गद्दारों की वजह से कार्यकर्ताओं में नया जोश
शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख ने कहा कि पार्टी छोड़ने वालों को धन्यवाद देना चाहिए, क्योंकि उनकी वजह से कार्यकर्ताओं में नया उत्साह पैदा हुआ है। उन्होंने भाजपा (BJP) को अपने घर की चिंता करने की सलाह देते हुए कहा कि शिवसेना पहले से ज्यादा मजबूती के साथ आगे बढ़ेगी।
उद्धव ने स्वीकार किया कि पाला बदलने वाले सांसदों को टिकट देना उनकी गलती थी और इसके लिए उन्होंने जनता से माफी भी मांगी। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने योजनाबद्ध तरीके से शिवसेना को कमजोर करने और तोड़ने की साजिश रची।
9 में से 6 सांसदों ने किया बगावती रुख
शिवसेना (यूबीटी) के 9 लोकसभा सांसदों में से 6 सांसदों ने बगावत कर अलग गुट बनाने की पहल की है। इनमें धराशिव से सांसद ओमराजे निंबालकर और हिंगोली के सांसद नागेश पाटिल आष्टीकर ने सार्वजनिक रूप से अपना रुख स्पष्ट कर दिया है। बागी सांसदों ने लोकसभा अध्यक्ष को पत्र देकर अलग समूह के रूप में मान्यता की मांग की है।
गौरतलब है कि जून 2022 में शिंदे गुट की बगावत के बाद शिवसेना दो हिस्सों में बंट गई थी। अब चार साल के भीतर पार्टी में यह दूसरी बड़ी टूट मानी जा रही है, जिसने महाराष्ट्र की राजनीति में एक बार फिर हलचल बढ़ा दी है।

