मकान में लगी आग, सिलेंडर ब्लास्ट से युवक गंभीर: आग बुझाने के दौरान छत से नीचे गिरा

बिलासपुर। रतनपुर के कृष्णा अर्जुनी तालाब के पास बुधवार शाम एक मकान में लगी आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया। आग बुझाने के प्रयास के दौरान घर में रखा गैस सिलेंडर तेज धमाके के साथ फट गया। विस्फोट की चपेट में आने से आग बुझा रहा एक युवक छत से नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए बिलासपुर के सिम्स अस्पताल रेफर किया गया है।
रतनपुर थाना प्रभारी विष्णु यादव ने बताया कि दशरथ देवार के मकान में अचानक आग लग गई। आग लगने का कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सका है। देखते ही देखते लपटों ने पूरे मकान को अपनी चपेट में ले लिया। घर में रखा फर्नीचर, कपड़े, घरेलू सामान और अन्य सामग्री जलकर राख हो गई। मकान के बाहर खड़ी मोटरसाइकिल भी आग में पूरी तरह नष्ट हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही वार्ड पार्षद और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे तथा आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। इसी दौरान पड़ोसी कपिल यादव पास के मकान की ऊंचाई पर चढ़कर पानी डाल रहे थे। तभी घर के अंदर रखा गैस सिलेंडर विस्फोट के साथ फट गया। धमाके के झटके से कपिल यादव का संतुलन बिगड़ गया और वे नीचे गिर पड़े। हादसे में उनके सिर पर गंभीर चोट आई।
आसपास के लोगों और पुलिस की मदद से घायल युवक को तुरंत रतनपुर अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए सिम्स रेफर कर दिया।
सिलेंडर ब्लास्ट के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोगों में दहशत फैल गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि आग इतनी तेजी से फैली कि घर का सामान निकालने तक का मौका नहीं मिला।

