Chhattisgarh

राष्ट्रीय स्तर पर कोंडागांव एसपी पंकज चंद्रा का सम्मान, हाई अचीवमेंट सर्टिफिकेट से हुए सम्मानित

कोंडागांव। कोंडागांव जिले के पुलिस अधीक्षक (एसपी) पंकज चंद्रा ने राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर छत्तीसगढ़ पुलिस का गौरव बढ़ाया है। उन्हें सरदार वल्लभभाई पटेल राष्ट्रीय पुलिस अकादमी द्वारा आयोजित 48वें आईपीएस इंडक्शन ट्रेनिंग कोर्स में बेहतरीन प्रदर्शन के लिए ‘हाई अचीवमेंट सर्टिफिकेट’ से सम्मानित किया गया।

देश के टॉप-5 अधिकारियों में बनाई जगह

6 अप्रैल से 15 मई 2026 तक आयोजित इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में देशभर के अधिकारियों का मूल्यांकन कक्षा में सहभागिता, केस स्टडी, अनुशासन, व्यवहार और एमसीक्यू परीक्षा के आधार पर किया गया। सभी मानकों पर शानदार प्रदर्शन करते हुए एसपी पंकज चंद्रा ने देशभर के शीर्ष पांच अधिकारियों में स्थान हासिल किया। यह उपलब्धि न केवल उनके लिए, बल्कि छत्तीसगढ़ पुलिस और कोंडागांव जिले के लिए भी गर्व का विषय है।

केशकाल घाटी के ट्रैफिक प्रबंधन पर दिया प्रेजेंटेशन

प्रशिक्षण के दौरान एसपी पंकज चंद्रा ने कोंडागांव की पहचान मानी जाने वाली केशकाल घाटी के ट्रैफिक प्रबंधन पर प्रस्तुति दी। उन्होंने बढ़ते यातायात दबाव, सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए आधुनिक ट्रैफिक मैनेजमेंट की विस्तृत कार्ययोजना प्रस्तुत की, जिसकी अकादमी के वरिष्ठ अधिकारियों और विशेषज्ञों ने सराहना की।

पुलिसिंग में किए कई उल्लेखनीय कार्य

कोंडागांव में पदस्थापना के दौरान एसपी पंकज चंद्रा ने अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था को मजबूत करने, साइबर अपराधों पर प्रभावी कार्रवाई, सामुदायिक पुलिसिंग और जनविश्वास बढ़ाने जैसे कई महत्वपूर्ण कार्य किए हैं। उनकी योजनाबद्ध कार्यशैली और नेतृत्व क्षमता ने जिले की पुलिसिंग को नई दिशा दी है।

पुलिस विभाग में खुशी का माहौल

इस राष्ट्रीय उपलब्धि पर कोंडागांव पुलिस परिवार में खुशी का माहौल है। जिले के पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने एसपी पंकज चंद्रा को बधाई देते हुए विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में कोंडागांव पुलिस आगे भी नई उपलब्धियां हासिल करती रहेगी।

Follow Us on Our Social Media

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button