ChhattisgarhBilaspur

आधी रात पत्नी और बच्चों को कमरे में बंद कर पति ने दी जान से मारने की धमकी

डायल-112 की तत्परता से टला बड़ा हादसा, महिला और बच्चे सुरक्षित निकाले गए

बिलासपुर। बिलासपुर के तोरवा थाना क्षेत्र में एक महिला और उसके दो बच्चों को घर के अंदर बंद कर जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी पति(Husband) के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। समय रहते डायल-112 की टीम के पहुंचने से महिला और बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला जा सका।

पत्नी से अलग रहने वाला पति आधी रात पहुंचा, मचाया उत्पात

पुलिस के अनुसार, शंकर नगर ओवरब्रिज के नीचे रहने वाली सुशीला कोरी ने अपने आरोपी पति(Husband) भोला प्रसाद कोरी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। महिला ने पुलिस को बताया कि उसका पति उससे अलग रहता है। 23 जून की रात करीब एक बजे वह बाथरूम जाने का बहाना बनाकर घर के भीतर दाखिल हुआ।

घर में घुसने के बाद आरोपी पति(Husband) ने बिना किसी बात के पत्नी और बच्चों के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। कुछ देर बाद वह बाहर निकला और मुख्य दरवाजे पर ताला लगा दिया। इससे महिला अपने पुत्र और पुत्री के साथ घर के अंदर ही फंस गई।

आरोपी ने पत्नी और बच्चे के साथ पुलिस के खिलाफ भी की अभद्र भाषा का प्रयोग

पीड़िता के अनुसार, आरोपी बाहर खड़े होकर लगातार गाली-गलौज करता रहा और जान से मारने की धमकी देता रहा। आरोप है कि वह पुलिस के खिलाफ भी अभद्र भाषा का प्रयोग कर रहा था। भयभीत महिला ने रात करीब डेढ़ बजे डायल-112 को फोन कर सहायता मांगी।

सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और ताला खुलवाकर महिला और दोनों बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद पीड़िता की शिकायत के आधार पर तोरवा थाना पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया।

एएसपी सिटी पंकज पटेल ने बताया कि मामले में शिकायत के आधार पर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

ग्रैंड न्यूज़ से राकेश खरे की रिपोर्ट।

Follow Us on Our Social Media

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button