राम मंदिर चढ़ावा विवाद पर कांग्रेस का हमला, राहुल-खरगे ने PM मोदी से मांगी स्वतंत्र जांच

अयोध्या के श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट से जुड़े कथित चढ़ावा चोरी और वित्तीय अनियमितताओं के मामले ने राजनीतिक तूल पकड़ लिया है। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर ट्रस्ट के वित्तीय मामलों की स्वतंत्र और व्यापक जांच कराने की मांग की है।
दोनों नेताओं ने अपने पत्र में कहा कि ट्रस्ट को प्राप्त नकद, सोना, चांदी और अन्य प्रकार के चढ़ावे के प्रबंधन की निष्पक्ष जांच कराई जानी चाहिए। साथ ही जांच रिपोर्ट और ट्रस्ट के खातों को सार्वजनिक किया जाए, ताकि श्रद्धालुओं को यह जानकारी मिल सके कि उनके दान का उपयोग किस प्रकार किया गया।
पत्र में कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने आस्था और विश्वास के साथ दान दिया, लेकिन कथित अनियमितताओं के कारण वे स्वयं को ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ पद या प्रभाव की परवाह किए बिना कार्रवाई होनी चाहिए।
राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे ने यह भी कहा कि श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के गठन की घोषणा संसद में प्रधानमंत्री द्वारा की गई थी और इसके सदस्यों की नियुक्ति केंद्र सरकार की ओर से की गई। ऐसे में इस मामले पर सरकार की जवाबदेही बनती है। उन्होंने प्रधानमंत्री की चुप्पी पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि इस तरह के गंभीर आरोपों पर मौन रहना स्वीकार्य नहीं है।
उधर, मामले की जांच विशेष जांच दल (SIT) द्वारा की जा रही है। जांच एजेंसी कथित वित्तीय अनियमितताओं से जुड़े आरोपों की पड़ताल कर रही है और न्यायालय के निर्देशों के अनुसार अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करेगी। फिलहाल जांच प्रक्रिया जारी है।

