Jamshedpur Voter List में 3 Afghan Citizens के नाम मिले, SIR के दौरान खुलासा; जांच में जुटा चुनाव आयोग

जमशेदपुर। झारखंड में चल रहे Special Intensive Revision (SIR) के दौरान मतदाता सूची को लेकर चौंकाने वाला मामला सामने आया है। जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा क्षेत्र की ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में तीन अफगान नागरिकों के नाम पाए गए हैं। दस्तावेजों के सत्यापन के दौरान मिसमैच मिलने के बाद जांच की गई, जिसमें तीनों के अफगानिस्तान के नागरिक होने की जानकारी सामने आई।
बताया गया है कि आसिल खान, मोहम्मद असलम और मोहम्मद इब्राहिम के नाम पहले से मतदाता सूची में दर्ज थे। SIR के दौरान डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन में गड़बड़ी मिलने के बाद इनके नाम नोटिस वाली सूची में शामिल किए गए और तीनों को नोटिस भेजकर जरूरी दस्तावेज मांगे गए। हालांकि, वे दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।
तीनों के नाम जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा क्षेत्र के मतदान केंद्र संख्या पाट 286 में क्रम संख्या 30, 31 और 33 पर दर्ज बताए गए हैं।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया गंभीर मामला
झारखंड के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने बताया कि SIR के दौरान दस्तावेजों के सत्यापन और मतदाता सूची की जांच में यह मामला सामने आया है। उन्होंने इसे गंभीर मामला बताते हुए कहा कि इसकी आगे जांच की जा रही है।
उन्होंने कहा कि यह भी जांच की जा रही है कि किसी विदेशी नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल कराने में किन लोगों की भूमिका रही। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने स्पष्ट किया कि किसी भी विदेशी नागरिक का नाम मतदाता सूची में नहीं रहने दिया जाएगा। यदि फर्जीवाड़ा सामने आता है तो संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
15 सितंबर तक फॉर्म जमा करने की अपील
निर्वाचन आयोग ने पात्र नागरिकों से SIR के तहत मतदाता सूची में अपना नाम और विवरण जांचने की अपील की है। नाम जुड़वाने के लिए फॉर्म-6, विवरण में सुधार या एक स्थान से दूसरे स्थान पर नाम स्थानांतरित कराने के लिए फॉर्म-8 और किसी नाम को शामिल करने पर आपत्ति या नाम हटाने के लिए फॉर्म-7 जमा किया जा सकता है।
इन फॉर्म को जमा करने की अंतिम तारीख 15 सितंबर बताई गई है। आयोग ने सभी पात्र नागरिकों से समय-सीमा के भीतर अपने और परिवार के पात्र सदस्यों के नाम व विवरण की जांच कर आवश्यक फॉर्म जमा करने की अपील की है।



