Follow Us on Our Social Media
Entertainment

एमी विर्क के काफिले पर फायरिंग की खबर से मचा हड़कंप, पिता ने किया दावा- ‘बेटा और पूरा परिवार सुरक्षित’

पंजाबी सिंगर और एक्टर एमी विर्क को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि कनाडा के ब्रिटिश कोलंबिया स्थित एबॉट्सफोर्ड में उनके कॉन्सर्ट के बाद उनके काफिले का हिस्सा बताई जा रही एक गाड़ी पर कई राउंड फायरिंग हुई। हालांकि, एमी विर्क के पिता कुलजीत सिंह ने इन खबरों को खारिज करते हुए कहा है कि उनका बेटा और पूरा परिवार सुरक्षित है।

कॉन्सर्ट के बाद हुई फायरिंग की खबर

एमी विर्क ने 5 सितंबर को एबॉट्सफोर्ड के रोजर्स फोरम में कॉन्सर्ट किया था। बताया जा रहा है कि कार्यक्रम खत्म होने के बाद देर रात जब उनका काफिला वहां से निकल रहा था, तभी मैक्कलम रोड के 2500 ब्लॉक में एक वाहन को निशाना बनाकर फायरिंग की गई।

एबॉट्सफोर्ड पुलिस के मुताबिक, घटना रात करीब 11 बजे के बाद हुई। पुलिस ने बताया कि दूसरी गाड़ी में सवार लोगों ने एक वाहन पर गोलियां चलाईं। इसके कुछ समय बाद सनीसाइड प्लेस के 2400 ब्लॉक में एक वाहन में आग लगने की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने एक SUV को पूरी तरह जलते हुए पाया।

एमी विर्क के पिता ने दिया बड़ा अपडेट

फायरिंग की खबरों के बीच एमी विर्क के पिता कुलजीत सिंह ने स्पष्ट किया कि एमी और उनका पूरा परिवार सुरक्षित है। उन्होंने यह भी कहा कि उनके बेटे पर कोई गोली नहीं चलाई गई।

कुलजीत सिंह के मुताबिक, फायरिंग एमी विर्क को निशाना बनाकर नहीं की गई थी, बल्कि शो के आयोजकों के काफिले की ओर हुई थी।

बुलेटप्रूफ गाड़ी में मौजूद होने का दावा

हालांकि, कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि जिस गाड़ी को निशाना बनाया गया, वह बुलेटप्रूफ थी और घटना के समय एमी विर्क और शो के प्रमोटर उसमें मौजूद थे। एक रिपोर्ट में इस वाहन को रोल्स-रॉयस बताया गया है।

रिपोर्ट्स में यह भी दावा किया गया है कि फायरिंग के दौरान करीब सात राउंड गोलियां चलाई गईं। फिलहाल घटना को लेकर पुलिस की जांच जारी है और एमी विर्क के पिता के बयान के मुताबिक सिंगर और उनका परिवार सुरक्षित है।

Follow Us on Our Social Media

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button