मेट्रो स्टेशन के पास 5 मंजिला इमारत ढही, 9 लोगों को निकाला गया
मलबे में और लोगों के फंसे होने की आशंका
दिल्ली। दिल्ली के साकेत मेट्रो स्टेशन के पास शनिवार शाम बड़ा हादसा हो गया। दक्षिणी दिल्ली के महरौली थाना क्षेत्र स्थित सैदुलाजाब इलाके में एक पांच मंजिला व्यावसायिक इमारत अचानक भरभराकर गिर गई। इमारत का भारी मलबा बगल की एक अन्य बिल्डिंग पर जा गिरा, जिसके नीचे संचालित कैंटीन पूरी तरह दब गई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और राहत-बचाव कार्य तत्काल शुरू किया गया।
जानकारी के अनुसार, जिस इमारत का ढांचा ढहा वह एक कमर्शियल बिल्डिंग थी, जहां कई कार्यालय संचालित होते थे। शनिवार होने के कारण अधिकांश दफ्तर बंद थे, जिससे बड़े नुकसान की आशंका कम हो गई। हालांकि इमारत के बगल में एक लाइब्रेरी संचालित होती है, जहां विदेश से एमबीबीएस कर लौटे छात्र मेडिकल लाइसेंसिंग परीक्षा की तैयारी कर रहे थे। अधिकांश छात्र समय रहते बाहर निकल गए, लेकिन लाइब्रेरी के नीचे स्थित कैंटीन में मौजूद कुछ लोगों के मलबे में दबने की आशंका जताई जा रही है।
9 लोगों को बाहर निकाला गया
दिल्ली फायर सर्विस को शाम 7:44 बजे घटना की सूचना मिली। इसके बाद दमकल विभाग, पुलिस और एनडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं। राहत दलों ने अब तक मलबे से 9 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया है, जिन्हें तत्काल नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया। अधिकारियों के अनुसार, अभी यह स्पष्ट नहीं है कि मलबे के नीचे कितने लोग फंसे हुए हैं।
रेस्क्यू करने में जुटा प्रशासन
घटनास्थल पर जेसीबी मशीनों की मदद से कंक्रीट और लोहे के भारी मलबे को हटाया जा रहा है। संकरी गलियों और घनी आबादी वाले इलाके के कारण बचाव कार्य में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोग भी मोबाइल की फ्लैशलाइट और अन्य संसाधनों के जरिए राहत टीमों की मदद कर रहे हैं।
प्रशासन ने आसपास के क्षेत्र की घेराबंदी कर दी है और लोगों से भीड़ न लगाने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि जब तक पूरा मलबा हटाकर जांच पूरी नहीं हो जाती, तब तक सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन लगातार जारी रहेगा। हादसे के कारणों की जांच भी शुरू कर दी गई है।

