छत्तीसगढ़ में ED की कई ठिकानों पर छापेमारी, रायपुर में कारोबारी नितिन डागा के घर दस्तावेजों की जांच

छत्तीसगढ़ में प्रवर्तन निदेशालय (ED) की टीम ने कई जिलों में छापेमारी की है। रायपुर में टीम पंडरी इलाके के रवि नगर स्थित सुशील विला में कारोबारी नितिन डागा के घर पहुंची। यहां सुबह से दस्तावेजों की जांच की जा रही है। इसके अलावा दुर्ग जिले में भी ED की कार्रवाई होने की सूचना है। हालांकि, इन छापों के संबंध में आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
सुबह करीब 4 बजे पहुंची ED की टीम
रायपुर के रवि नगर स्थित सुशील विला में ED की टीम मंगलवार सुबह करीब 4 बजे पहुंची। जानकारी के मुताबिक, दो गाड़ियों में आए करीब आधा दर्जन अधिकारी कारोबारी नितिन डागा के घर पर दस्तावेज खंगाल रहे हैं। नितिन डागा का ज्वेलरी और जमीन से जुड़ा कारोबार बताया जा रहा है।
दुर्ग में भी कार्रवाई की सूचना
रायपुर के अलावा दुर्ग जिले में भी ED की दबिश की जानकारी सामने आई है। हालांकि, दुर्ग में टीम किस स्थान पर पहुंची है और किन लोगों से पूछताछ की जा रही है, इसकी पुष्टि नहीं हुई है।
कार्रवाई के कारणों पर आधिकारिक जानकारी नहीं
यह कार्रवाई भारतमाला परियोजना से जुड़े मामले में होने की आशंका जताई जा रही है, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। फिलहाल ED की ओर से छापेमारी के कारण, जांच के दायरे और कार्रवाई से जुड़े अन्य विवरण सार्वजनिक नहीं किए गए हैं। आधिकारिक जानकारी सामने आने के बाद ही मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।



