स्मृति ईरानी के दौरे पर कांग्रेस का पोस्टर वार, 500 रुपये के गैस सिलेंडर को लेकर कसा तंज; अजय चंद्राकर ने किया पलटवार

रायपुर। छत्तीसगढ़ में भाजपा की नई प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी के दौरे को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। उनके छत्तीसगढ़ प्रवास के बीच कांग्रेस ने सोशल मीडिया पर एक कार्टून पोस्टर जारी कर भाजपा पर निशाना साधा है। पोस्टर में स्मृति ईरानी को 500 रुपये वाले गैस सिलेंडरों से भरे ट्रक के साथ छत्तीसगढ़ में प्रवेश करते दिखाया गया है। वहीं, भाजपा विधायक अजय चंद्राकर ने कांग्रेस के इस पोस्टर पर पलटवार करते हुए इसे शर्मनाक बताया है।
कांग्रेस ने सोशल मीडिया पर जारी किया पोस्टर
स्मृति ईरानी के छत्तीसगढ़ दौरे पर तंज कसते हुए कांग्रेस ने सोशल मीडिया पर एक कार्टून पोस्टर साझा किया। इसमें स्मृति ईरानी को ट्रक चलाते हुए छत्तीसगढ़ में प्रवेश करते दिखाया गया है। ट्रक में 500 रुपये वाले गैस सिलेंडर भरे हुए नजर आ रहे हैं।
पोस्टर पर लिखा गया है कि छत्तीसगढ़ में 500 रुपये वाले गैस सिलेंडरों का ट्रक आने वाला है। इसके साथ ही कांग्रेस ने तंज कसते हुए “अंधभक्तों में खुशी की लहर” कैप्शन भी दिया है। इस पोस्टर के जरिए कांग्रेस ने गैस सिलेंडर की कीमतों को लेकर भाजपा पर निशाना साधा है।
अजय चंद्राकर ने कांग्रेस पर किया पलटवार
कांग्रेस के पोस्टर पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा विधायक अजय चंद्राकर ने इसे शर्मनाक बताया। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी के पास कोई एजेंडा नहीं बचा है, इसलिए वह मीम बनाकर वायरल कर रही है।
अजय चंद्राकर ने कहा कि औपचारिकता पूरी करने के लिए कुछ लिखना था, इसलिए इस तरह का पोस्टर बनाया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस अब इसी तरह की गतिविधियों के भरोसे है और उसके पास कोई काम नहीं बचा है।
स्मृति ईरानी के दौरे के बीच कांग्रेस के पोस्टर और भाजपा विधायक की प्रतिक्रिया से प्रदेश में राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। दोनों दलों के बीच यह मुद्दा सोशल मीडिया पर भी चर्चा का विषय बना हुआ है।



