Follow Us on Our Social Media
EntertainmentNational

दिलजीत दोसांझ के इंदौर कॉन्सर्ट को धमकी, महापौर पुष्यमित्र भार्गव को मिला ईमेल

इंदौर। मशहूर पंजाबी गायक और अभिनेता दिलजीत दोसांझ के 15 नवंबर को इंदौर में प्रस्तावित लाइव कॉन्सर्ट से पहले धमकी मिलने का मामला सामने आया है। इस बार धमकी भरा ईमेल इंदौर के महापौर पुष्यमित्र भार्गव को भेजा गया है। ईमेल में कार्यक्रम नहीं होने देने और इसे रद्द कराने की बात कही गई है। मामले की जानकारी मिलते ही महापौर ने ईमेल की कॉपी इंदौर पुलिस कमिश्नर को भेज दी है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने बताया कि उनके आधिकारिक ईमेल पर दिलजीत दोसांझ के कार्यक्रम को लेकर धमकी भरे संदेश मिले हैं। इनमें से एक ईमेल करीब 15 दिन पहले आया था, जबकि दूसरा एक दिन पहले प्राप्त हुआ। दोनों ईमेल अंग्रेजी भाषा में लिखे गए हैं। महापौर के मुताबिक, इन संदेशों में खालिस्तान सहित एक अन्य नाम का भी उल्लेख किया गया है।

उन्होंने तत्काल पुलिस कमिश्नर को इसकी जानकारी दी और दोनों ईमेल जांच के लिए भेज दिए।

‘धमकियों से शहर के आयोजनों पर असर नहीं पड़ेगा’

महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने कहा कि इंदौर में देशभक्ति से जुड़े कार्यक्रम पहले भी होते रहे हैं और आगे भी होते रहेंगे। इस तरह की धमकियों से शहर के आयोजनों पर कोई असर नहीं पड़ने दिया जाएगा। उन्होंने भरोसा जताया कि इंदौर पुलिस ऐसे मामलों से निपटने में सक्षम है और पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।

15 नवंबर को इंदौर में होना है दिलजीत का कॉन्सर्ट

गौरतलब है कि दिलजीत दोसांझ का लाइव कॉन्सर्ट 15 नवंबर को इंदौर में प्रस्तावित है। इससे पहले शहर के तीन से चार स्कूलों को भी ईमेल के जरिए धमकी मिलने की जानकारी सामने आई थी। अब महापौर को धमकी भरा ईमेल मिलने के बाद पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।

पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि धमकी भरे ईमेल कहां से भेजे गए और इनके पीछे कौन लोग शामिल हैं।

‘ऑरा इंडिया टूर 2026’ पर हैं दिलजीत दोसांझ

दिलजीत दोसांझ ने हाल ही में अपने ‘ऑरा इंडिया टूर 2026’ की शुरुआत की है। टूर का पहला कॉन्सर्ट 30 अक्टूबर को दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में आयोजित हुआ था। इंदौर इस टूर का अगला पड़ाव है। ऐसे में कार्यक्रम से पहले धमकी मिलने की खबर ने आयोजकों और प्रशंसकों की चिंता बढ़ा दी है।

Follow Us on Our Social Media

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button