बिलासपुर में 15वीं अखिल भारतीय रेलवे सुरक्षा बल बैंड प्रतियोगिता का समापन, पूर्व रेलवे ने हासिल किया पहला स्थान

बिलासपुर में आयोजित 15वीं अखिल भारतीय रेलवे सुरक्षा बल बैंड प्रतियोगिता का बुधवार को समापन हुआ। तीन दिनों तक चली इस प्रतियोगिता में देश की 12 क्षेत्रीय रेलों और रेलवे सुरक्षा बल की विभिन्न इकाइयों के 201 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता के दौरान जवानों ने अपनी संगीत प्रतिभा, अनुशासन और टीम भावना का शानदार प्रदर्शन किया। समापन समारोह में दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक तरुण प्रकाश मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए और विजेता तथा उपविजेता टीमों को सम्मानित किया।
बैंड प्रतियोगिता में पूर्व रेलवे ने मारी बाजी
प्रतियोगिता में पूर्व रेलवे, कोलकाता ने बैंड प्रतियोगिता में पहला स्थान हासिल किया। रेलवे सुरक्षा विशेष बल, नई दिल्ली दूसरे और दक्षिण मध्य रेलवे, सिकंदराबाद तीसरे स्थान पर रहा। वहीं बिगुल प्रतियोगिता में पूर्वोत्तर रेलवे, गोरखपुर ने बाजी मारी। जगजीवन राम रेलवे सुरक्षा बल अकादमी, लखनऊ दूसरे और पूर्व मध्य रेलवे, हाजीपुर तीसरे स्थान पर रहा। पाइप बैंड प्रतियोगिता में रेलवे सुरक्षा विशेष बल, नई दिल्ली विजेता बना।
तीन दिनों तक चला प्रतियोगिताओं का आयोजन
रेलवे बोर्ड के निर्देश पर दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे को इस अखिल भारतीय प्रतियोगिता के आयोजन की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। रेलवे सुरक्षा बल के बिलासपुर मंडल के संयोजन में 2 से 4 नवंबर तक प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसका उद्घाटन 3 नवंबर को रेलवे एनई इंस्टीट्यूट मैदान में हुआ था। उद्घाटन समारोह में दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के महानिरीक्षक-सह-प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त मुनव्वर खुर्शीद मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए थे।
प्रतियोगिता में विभिन्न टीमों ने बैंड और बिगुल की धुनों के माध्यम से अपनी वादन कला, तालमेल और अनुशासन का प्रदर्शन किया। प्रस्तुतियों का निष्पक्ष मूल्यांकन करने के लिए सशस्त्र बलों के अनुभवी अधिकारियों को निर्णायक मंडल में शामिल किया गया था। समापन समारोह में टीमों ने शानदार मार्च पास्ट प्रस्तुत किया। बैंड की मधुर धुनों और प्रतिभागियों के बेहतरीन तालमेल ने दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया।
महाप्रबंधक ने विजेता टीमों को किया सम्मानित
समापन समारोह में महाप्रबंधक तरुण प्रकाश ने विजेता टीमों को पुरस्कार प्रदान किए। इस दौरान रेलवे सुरक्षा बल के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बिलासपुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक, विभागाध्यक्ष, स्थानीय पुलिस प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी तथा रायपुर और नागपुर मंडल के अधिकारी मौजूद रहे। निर्णायक मंडल के सदस्यों को भी उनके योगदान के लिए स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। वहीं महानिरीक्षक-सह-प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त मुनव्वर खुर्शीद ने महाप्रबंधक तरुण प्रकाश को स्मृति चिह्न भेंट किया।
इस प्रतियोगिता के जरिए रेलवे सुरक्षा बल के जवानों को अपनी संगीत प्रतिभा दिखाने का अवसर मिला। साथ ही विभिन्न क्षेत्रीय रेलों और इकाइयों के बीच आपसी समन्वय, सौहार्द और एकजुटता को भी बढ़ावा मिला।



