Chhattisgarh

पति की मौत के बाद विधवा महिला से दो देवरों ने किया दुष्कर्म

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में रिश्तों को शर्मसार करने वाला एक मामला सामने आया है। यहां एक विधवा महिला ने आरोप लगाया है कि उसके दो देवरों ने अलग-अलग समय पर उसके साथ दुष्कर्म किया। महिला की शिकायत के आधार पर पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ अलग-अलग मामले दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता के पति का करीब 10 वर्ष पहले निधन हो चुका था। पति की मौत के बाद वह घर में अकेली रह रही थी। महिला का आरोप है कि इसी स्थिति का फायदा उठाकर उसके रिश्ते में लगने वाले दो देवरों ने अलग-अलग अवसरों पर उसके साथ जबरदस्ती की। लंबे समय तक डर और सामाजिक दबाव के कारण वह खुलकर सामने नहीं आ सकी, लेकिन बाद में उसने पुलिस में शिकायत दर्ज कराने का फैसला किया।

शिकायत पर पुलिस ने शुरू की जांच

पीड़िता ने अपनी शिकायत में बताया कि उसने पहले भी न्याय पाने और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई कराने की कोशिश की थी। हालांकि विभिन्न कारणों से मामला आगे नहीं बढ़ सका। अब दोबारा शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई शुरू कर दी है।

गौरेला थाना प्रभारी शानिप रात्रे ने बताया कि महिला द्वारा पूर्व में आवेदन दिया गया था, लेकिन बाद में वह लगभग एक वर्ष के लिए अन्य स्थान पर चली गई थी। शिकायत में दिया गया मोबाइल नंबर भी बंद या गलत मिलने के कारण पुलिस उनसे संपर्क नहीं कर पा रही थी। महिला के वापस लौटने और उपलब्ध होने के बाद दोनों मामलों में तत्काल अपराध दर्ज किए गए।

दोनों आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस

पुलिस के अनुसार, महिला की शिकायत के आधार पर दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 64 के तहत दुष्कर्म के अलग-अलग मामले दर्ज किए गए हैं। थाना प्रभारी ने स्पष्ट किया कि दोनों घटनाएं अलग-अलग व्यक्तियों द्वारा और अलग परिस्थितियों में की गई थीं, इसलिए कानूनी रूप से दो पृथक अपराध दर्ज करना आवश्यक था। फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।

Follow Us on Our Social Media

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button