सलमान खान की ‘मातृभूमि’ लगभग तैयार, वीएफएक्स का काम बाकी; जल्द हो सकता है रिलीज डेट का ऐलान

सलमान खान की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस’ को लेकर नया अपडेट सामने आया है। फिल्म लंबे समय से चर्चा में है और अब इसके जल्द पूरा होने की उम्मीद जताई जा रही है। रिपोर्ट के मुताबिक, फिल्म का ज्यादातर काम पूरा हो चुका है और फिलहाल वीएफएक्स के कुछ हिस्सों पर काम चल रहा है।
इस फिल्म का नाम पहले ‘बैटल ऑफ गलवान’ बताया गया था, लेकिन बाद में निर्माताओं ने इसका नाम बदलकर ‘मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस’ कर दिया। नाम में बदलाव के बावजूद फिल्म को लेकर दर्शकों की उत्सुकता बनी हुई है। फिल्म का निर्देशन अपूर्व लाखिया कर रहे हैं और इसमें सलमान खान के साथ चित्रांगदा सिंह भी अहम भूमिका में नजर आएंगी।
वीएफएक्स पूरा होने के बाद आगे बढ़ेगी प्रक्रिया
फिल्म से जुड़े सूत्रों के अनुसार, ‘मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस’ लगभग तैयार है। फिलहाल वीएफएक्स के कुछ हिस्सों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। फिल्म पूरी तरह तैयार होने के बाद इसे केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड समेत जरूरी विभागों के सामने प्रस्तुत किया जाएगा। इसके बाद ही निर्माताओं की ओर से रिलीज डेट की आधिकारिक घोषणा किए जाने की संभावना है।
फिलहाल फिल्म को प्रमाणन नहीं मिला है और इसकी रिलीज को लेकर कोई आधिकारिक तारीख सामने नहीं आई है। फिल्म की कहानी और बड़े स्तर पर तैयार किए जा रहे दृश्य इसे बड़े पर्दे के लिए खास बनाने की कोशिश का हिस्सा बताए जा रहे हैं।
सलमान की अगली फिल्म पर भी काम जारी
‘मातृभूमि’ की रिलीज को लेकर स्थिति स्पष्ट होने का इंतजार है, वहीं सलमान खान अपनी अगली फिल्म पर भी काम कर रहे हैं। उनकी अगली फिल्म ‘मॉन्स्टर’ बताई जा रही है, जिसका निर्देशन दक्षिण भारतीय फिल्म निर्देशक वामशी पैडिपल्ली कर रहे हैं। फिल्म का निर्माण दिल राजू कर रहे हैं।
इसके अलावा सलमान खान के एक अन्य थ्रिलर प्रोजेक्ट से जुड़ने की भी चर्चा है। इस फिल्म का निर्देशन राज और डीके की जोड़ी कर सकती है। हालांकि, इन प्रोजेक्ट्स से जुड़ी अंतिम जानकारी आधिकारिक घोषणा के बाद ही स्पष्ट होगी।



