सुशासन तिहार शिविर में अरुण साव ने सुनी ग्रामीणों की समस्याएं
कोदवा महंत शिविर में विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण

लोरमी। उप मुख्यमंत्री अरुण(arun) साव ने आज मुंगेली जिले के लोरमी विकासखंड के ग्राम कोदवा महंत में आयोजित सुशासन तिहार-2026 जनसमस्या निवारण शिविर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का विस्तृत अवलोकन किया और मौके पर ही अधिकारियों से अब तक प्राप्त आवेदनों, उनके पंजीयन और निराकरण की स्थिति की जानकारी ली।
शिविर के दौरान उप मुख्यमंत्री अरुण(arun)साव ने ग्रामीणों से सीधे मुलाकात कर आत्मीय संवाद किया और उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना। ग्रामीणों ने पेयजल आपूर्ति, आवास योजना, सड़क निर्माण, बिजली कनेक्शन, राशन कार्ड और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं उनके सामने रखीं। इस पर उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का समयबद्ध और प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने कहा कि सुशासन तिहार-2026 का मुख्य उद्देश्य शासन और प्रशासन को कागजी प्रक्रिया से निकालकर सीधे गांव और आम जनता तक पहुंचाना है, ताकि लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें और सभी सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जा सकें।
उप मुख्यमंत्री अरुण(arun)साव ने यह भी कहा कि राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है कि प्रत्येक पात्र हितग्राही तक शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पारदर्शिता और सरल प्रक्रिया के माध्यम से पहुंचे। उन्होंने कहा कि इसी उद्देश्य से विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाई जा रही है और जमीनी स्तर पर मॉनिटरिंग की व्यवस्था को भी मजबूत किया जा रहा है।
उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि शिविर में प्राप्त प्रत्येक आवेदन का रिकॉर्ड ठीक तरीके से संधारित किया जाए और किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो, ताकि जनता को त्वरित राहत मिल सके और शासन के प्रति उनका विश्वास और मजबूत हो।

