वॉशिंगटन डीसी के नेशनल मॉल में दिखा ‘8647’, ट्रंप विरोधी संदेश या धमकी? जांच शुरू

अमेरिका की राजधानी वॉशिंगटन डीसी के प्रसिद्ध नेशनल मॉल में घास पर बड़े आकार में ‘8647’ लिखा दिखाई देने के बाद विवाद खड़ा हो गया है। यह मामला ऐसे समय सामने आया है, जब 14 जून को राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के जन्मदिन पर यहां UFC मुकाबले का आयोजन होना है और बड़ी संख्या में लोगों के जुटने की उम्मीद है।
अमेरिका में ‘8647’ को आमतौर पर ट्रंप विरोधी संदेश के रूप में देखा जाता है। रेस्तरां उद्योग में ‘86’ का मतलब किसी ऑर्डर या व्यक्ति को हटाना होता है, जबकि ‘47’ ट्रंप के अमेरिका के 47वें राष्ट्रपति होने की ओर इशारा करता है। हालांकि, ट्रंप प्रशासन इसे राष्ट्रपति के खिलाफ संभावित धमकी के रूप में भी देख रहा है।
वॉशिंगटन मॉन्यूमेंट के लाइव वेबकैम में नेशनल मॉल की घास पर यह संख्या दिखाई दी। घास का एक बड़ा हिस्सा पीला और सूखा नजर आया, जिससे ‘8647’ का आकार बनता दिखा।
यह निशान वर्ल्ड वॉर-2 मेमोरियल के पूर्वी हिस्से में स्थित क्षेत्र में पाए गए हैं। 5 जून की तस्वीरों में यह संख्या दिखाई नहीं दे रही थी, जिससे माना जा रहा है कि पिछले कुछ दिनों में इन्हें बनाया गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गुरुवार दोपहर आपातकालीन सेवाओं की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कुछ समय के लिए क्षेत्र को घेर लिया गया। इसी दौरान अमेरिकी सेना की गोल्डन नाइट्स पैराशूट टीम भी नेशनल मॉल में उतरी थी।
व्हाइट हाउस के प्रवक्ता डेविस इंगल ने कहा कि राजनीतिक हिंसा या किसी नेता की हत्या जैसी सोच का समर्थन करने वालों की कड़ी निंदा की जानी चाहिए।
एफबीआई और सीक्रेट सर्विस ने बताया कि फिलहाल मामले की जांच अमेरिकी पार्क पुलिस कर रही है। पुलिस ने घास के नमूने एकत्र कर जांच के लिए भेजे हैं और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि घास का रंग क्यों बदला। संदिग्धों की पहचान होने पर सीक्रेट सर्विस भी जांच में शामिल होगी।
यह पहली बार नहीं है जब ‘8647’ चर्चा में आया हो। अप्रैल में पूर्व एफबीआई निदेशक James Comey पर भी इसी संख्या वाली तस्वीर सोशल मीडिया पर साझा करने के बाद राष्ट्रपति को धमकी देने के आरोप लगे थे, जिसके बाद अमेरिकी न्याय विभाग ने उनके खिलाफ कार्रवाई शुरू की थी।

