शक्कर कारोबार के नाम पर 8 व्यापारियों को 2 करोड़ से ज्यादा का चूना,
बाप-बेटे पर FIR दर्ज

रायपुर-राजधानी रायपुर और रायगढ़ से जुड़े एक बड़े कारोबारी ठगी मामले ने व्यापारिक जगत में हड़कंप मचा दिया है। खुद को ट्रांसपोर्ट और कोल्ड स्टोरेज व्यवसाय का बड़ा कारोबारी बताने वाले बाप-बेटे पर 8 व्यापारियों से 2 करोड़ रुपए से ज्यादा की धोखाधड़ी करने का आरोप लगा है। शिकायत मिलने के बाद खमतराई थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शक्कर मंगवाई, लेकिन नहीं किया भुगतान
पुलिस के मुताबिक रायगढ़ के कालिंदी कुंज निवासी राजेश कुमार अग्रवाल और उसके बेटे शैलेश अग्रवाल ने व्यापारियों से बड़ी मात्रा में शक्कर मंगवाई। आरोपियों ने भरोसा दिलाया था कि माल रायगढ़ पहुंचने के 3 से 4 दिन के भीतर पूरा भुगतान कर दिया जाएगा। इसी भरोसे में आकर व्यापारियों ने बिना अग्रिम रकम लिए माल सप्लाई कर दिया।
महावीर ट्रांसपोर्ट और कोल्ड स्टोरेज का दिया हवाला
शिकायतकर्ताओं के अनुसार राजेश अग्रवाल खुद को महावीर ट्रांसपोर्ट और चंदगीराम कोल्ड स्टोरेज जैसे बड़े कारोबारों से जुड़ा बताता था। रायपुर के रामसागरपारा स्थित एक होटल में ठहरकर उसने कई व्यापारियों से संपर्क बनाया और बड़े ऑर्डर देकर उनका विश्वास जीत लिया।
माल पहुंचते ही बदल गए तेवर
व्यापारियों का आरोप है कि शक्कर की खेप रायगढ़ पहुंचने के बाद आरोपियों ने भुगतान टालना शुरू कर दिया। कभी बैंकिंग समस्या तो कभी अन्य बहानों का सहारा लिया गया। बाद में फोन उठाना बंद कर दिया गया और कई व्यापारियों के नंबर तक ब्लॉक कर दिए गए। व्हाट्सएप ग्रुप से भी उन्हें हटा दिया गया।
व्यापारियों को 2 करोड़ से ज्यादा का नुकसान
पुलिस जांच में सामने आया है कि कुल 8 व्यापारियों से शक्कर लेकर भुगतान नहीं किया गया। सभी मामलों को जोड़ने पर कथित धोखाधड़ी की राशि 2 करोड़ 1 लाख 36 हजार 633 रुपए से अधिक बताई जा रही है। सबसे ज्यादा 46 लाख रुपए से अधिक का नुकसान अंबिकापुर की वर्धमान ट्रेडिंग को हुआ है।
गंभीर धाराओं में दर्ज हुआ मामला
व्यापारियों की शिकायत पर खमतराई थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 316(5), 318(4) और 60(A) के तहत एफआईआर दर्ज की है। पुलिस का मानना है कि यह एक सुनियोजित आर्थिक अपराध का मामला हो सकता है।
बैंक खातों और कारोबारी नेटवर्क की जांच शुरू
पुलिस अब आरोपियों के बैंक खातों, लेन-देन और कारोबारी दस्तावेजों की जांच कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि कहीं इसी तरह की ठगी अन्य व्यापारियों के साथ तो नहीं की गई। आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस की टीमें लगातार कार्रवाई कर रही हैं।

