National

राहुल गांधी के पीएम आवास मार्च पर भाजपा का पलटवार, देशभर में कांग्रेस दफ्तरों के बाहर प्रदर्शन का ऐलान

दिल्ली। NEET परीक्षा विवाद को लेकर प्रधानमंत्री आवास की ओर राहुल गांधी के विरोध मार्च के एक दिन बाद भारतीय जनता पार्टी (CONGRESS VS BJP) (भाजपा) ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला है।

भाजपा ने राहुल गांधी के कदम को गैर-जिम्मेदाराना और प्रधानमंत्री पद की गरिमा के खिलाफ बताते हुए देशभर में कांग्रेस कार्यालयों के बाहर विरोध प्रदर्शन करने का ऐलान किया है।

बीजेपी नेताओं ने राहुल गांधी पर साधा निशाना

भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने बुधवार को प्रेस वार्ता में राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि देश किसी व्यक्ति की जिद और अहंकार से नहीं चल सकता।

उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ऐसे परिवार से आते हैं, जिसके तीन सदस्य—जवाहरलाल नेहरू, इंदिरा गांधी और राजीव गांधी—देश के प्रधानमंत्री रहे हैं। ऐसे में उन्हें प्रधानमंत्री आवास की सुरक्षा और संवैधानिक गरिमा का सम्मान करना चाहिए था।

बीजेपी नेता रविशंकर प्रसाद ने आरोप लगाया कि सरकार NEET मुद्दे पर संसद में चर्चा के लिए तैयार थी, लेकिन राहुल गांधी ने लोकतांत्रिक बहस के बजाय सड़क पर प्रदर्शन का रास्ता चुना। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास जैसे अति-सुरक्षित क्षेत्र के बाहर धरना देना अनुचित और गैर-जिम्मेदाराना कदम है।

पुलिस कार्रवाई का भाजपा नेताओं ने किया बचाव

भाजपा नेता ने पुलिस कार्रवाई का भी बचाव किया। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस का हस्तक्षेप आवश्यक था। साथ ही दावा किया कि NEET परीक्षा में गड़बड़ी के आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है। जिन परीक्षाओं को रद्द किया गया था, उन्हें बिना अतिरिक्त शुल्क के दोबारा कराया गया और परिणाम भी घोषित किए जा चुके हैं।

गौरतलब है कि मंगलवार को राहुल गांधी और विपक्षी दलों के नेताओं ने NEET परीक्षा में कथित धांधली और केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रधानमंत्री आवास की ओर मार्च निकाला था। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की हुई। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि पुलिस कार्रवाई में राहुल गांधी घायल हुए और उनकी नाक से खून निकला। वहीं, भाजपा ने विपक्ष के प्रदर्शन को राजनीतिक स्टंट करार देते हुए कांग्रेस पर छात्रों के मुद्दे पर राजनीति करने का आरोप लगाया है।

Follow Us on Our Social Media

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button