National

महाराष्ट्र विधान परिषद के उपसभापति के घर करोड़ों की चोरी! 24 साल पुराने नौकर पर आरोप, कई चौंकाने वाले खुलासे

मुंबई। महाराष्ट्र विधान परिषद के उपसभापति सचिन अहीर के वर्ली स्थित आवास से करोड़ों रुपये के जेवरात और कीमती सामान चोरी होने के मामले में मुंबई क्राइम ब्रांच ने बड़ा खुलासा किया है। पुलिस ने 24 साल से घर में काम कर रहे घरेलू सहायक प्रवीण रमेश सोलंकी (45) को गिरफ्तार किया है। जांच में चोरी, नशीला पदार्थ मिलाने और आगजनी जैसे कई नए एंगल भी सामने आए हैं।

24 साल पुराने घरेलू सहायक की गिरफ्तारी

क्राइम ब्रांच के मुताबिक, आरोपी प्रवीण सोलंकी पर करीब 2.65 करोड़ रुपये के जेवरात और कीमती सामान चोरी करने का आरोप है। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर एस्प्लेनेड कोर्ट में पेश किया, जहां अदालत ने उसे 30 जुलाई तक पुलिस हिरासत में भेज दिया।

पुलिस का दावा है कि पूछताछ के दौरान आरोपी ने चोरी के कुछ जेवर और अन्य सामान बेचने तथा उससे मिली रकम अपने फरार साथियों में बांटने की बात स्वीकार की है। हालांकि, बचाव पक्ष ने अदालत में आरोपी को बेगुनाह बताते हुए झूठा फंसाए जाने का दावा किया है।

5 साल में धीरे-धीरे गायब होते रहे करोड़ों के जेवर

सचिन अहीर की पत्नी कृष्णा अहीर की शिकायत पर दर्ज एफआईआर में बताया गया है कि पिछले करीब पांच वर्षों से घर से कीमती जेवर और अन्य बहुमूल्य सामान धीरे-धीरे गायब हो रहे थे।

शिकायत के अनुसार चोरी हुए सामान में शामिल हैं—

100 ग्राम सोने के बिस्कुट (करीब 15 लाख रुपये)

दो हीरे जड़ी सोने की चूड़ियां (करीब 45 लाख रुपये)

लगभग 50 लाख रुपये कीमत की एक अन्य हीरे की चूड़ी

इसके अलावा कई अन्य महंगे आभूषण और कीमती सामान

जांच में सामने आए कई नए एंगल

मामले की जांच के दौरान पुलिस को घर के दो अन्य घरेलू सहायकों पर भी संदेह हुआ है। जांच में पता चला कि मामूली वेतन के बावजूद दोनों ने हाल ही में झारखंड स्थित अपने पैतृक गांव में मकान, वाहन और अन्य संपत्तियां खरीदी हैं। पुलिस अब उनकी भूमिका की भी जांच कर रही है।

आगजनी और नशीला पदार्थ मिलाने की भी जांच

क्राइम ब्रांच 13 अक्टूबर 2025 को सचिन अहीर के आवास में हुई शॉर्ट-सर्किट से आग लगने की घटना की भी जांच कर रही है। पुलिस को आशंका है कि कहीं इस घटना का इस्तेमाल नकदी चोरी करने या सीसीटीवी फुटेज से छेड़छाड़ के लिए तो नहीं किया गया।

इसके साथ ही परिवार के कुछ सदस्यों द्वारा समय-समय पर सुस्ती और चक्कर आने की शिकायतों की भी जांच की जा रही है। अधिकारियों को शक है कि चोरी को अंजाम देने के लिए भोजन या विदेशी सप्लीमेंट्स में नशीला पदार्थ मिलाया जाता रहा हो।

फरार आरोपियों की तलाश जारी

मुंबई क्राइम ब्रांच का कहना है कि मामले में कुछ अन्य लोगों की संलिप्तता की भी आशंका है। चोरी गए बाकी जेवरात की बरामदगी और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस पूरे मामले के हर पहलू की गहन जांच में जुटी हुई है।

 

Follow Us on Our Social Media

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button