जंतर-मंतर प्रदर्शन के बीच दिल्ली पुलिस का दावा, पाकिस्तान से संचालित 480 सोशल मीडिया हैंडल ब्लॉक

नई दिल्ली। जंतर-मंतर पर चल रहे प्रदर्शन के बीच दिल्ली पुलिस ने दावा किया है कि पाकिस्तान से संचालित 480 सोशल मीडिया हैंडल ब्लॉक किए गए हैं। पुलिस का कहना है कि इन खातों के जरिए प्रदर्शन से जुड़ी भ्रामक और फर्जी जानकारियां फैलाने की कोशिश की जा रही थी।
दिल्ली पुलिस के अनुसार, कुछ सोशल मीडिया हैंडल ने प्रदर्शन के दौरान छात्रों की मौत और हिंसा से जुड़े भ्रामक दावे किए। पुलिस का आरोप है कि इन पोस्टों का उद्देश्य लोगों को गुमराह करना और माहौल को भड़काना था। जांच के बाद ऐसे सभी खातों को ब्लॉक कर दिया गया है।
पुलिस ने युवाओं से अपील की है कि वे किसी भी जानकारी पर भरोसा करने से पहले उसकी पुष्टि करें और केवल आधिकारिक स्रोतों से मिली जानकारी पर ही विश्वास करें। सुरक्षा के मद्देनजर जंतर-मंतर के करीब 1.5 किलोमीटर के दायरे में आधी रात तक मोबाइल इंटरनेट सेवाएं भी बंद कर दी गई हैं। इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
वहीं, प्रदर्शन का नेतृत्व कर रही कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने प्रधानमंत्री द्वारा पेपर लीक मामलों की सुनवाई के लिए फास्ट-ट्रैक कोर्ट बनाने की घोषणा का स्वागत किया, लेकिन कहा कि उनकी प्रमुख मांगें अभी भी पूरी नहीं हुई हैं। पार्टी ने शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे, पेपर लीक से प्रभावित परिवारों को मुआवजा और प्रदर्शनकारियों पर दर्ज मामलों को वापस लेने की मांग दोहराई।
इससे पहले CJP के प्रतिनिधिमंडल ने केंद्रीय मंत्रियों जेपी नड्डा और जितेंद्र सिंह से मुलाकात की। बैठक के बाद पार्टी नेताओं ने आरोप लगाया कि बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारियों और उनके समर्थकों को हिरासत में लिया जा रहा है। उनका कहना है कि सरकार ने इस मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिया है।

