एसटीपी टैंक की जहरीली गैस निगल गई दो जानें: सफाईकर्मी को बचाने उतरे गार्ड की भी मौत

नोएडा। उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा जिले में सेक्टर-150 स्थित एल्डिको सोसायटी में शनिवार रात एक दर्दनाक हादसा हो गया।
सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) के टैंक की सफाई करने उतरे एक सफाईकर्मी और उसे बचाने गए सुरक्षा गार्ड की जहरीली गैस की चपेट में आने से जान चली गई। इस घटना के बाद पूरी सोसायटी और आसपास के इलाके में शोक और दहशत का माहौल है।
अब पढ़े कैसे हुई पूरी घटना
जानकारी के मुताबिक, राजस्थान के करौली जिले के रहने वाले 40 वर्षीय सफाईकर्मी शशिकांत शर्मा शनिवार रात एल्डिको सोसायटी के एसटीपी टैंक की सफाई करने नीचे उतरे थे। सफाई के दौरान टैंक के भीतर बनी दमघोंटू और जहरीली गैस के असर से वे अचानक बेहोश होकर गिर पड़े।
उन्हें बदहवास हालत में देखकर सोसायटी में तैनात सुरक्षा गार्ड आकाश (निवासी इटहारी, फिरोजाबाद) बिना अपनी जान की परवाह किए उन्हें बचाने के लिए तुरंत टैंक में उतर गए। लेकिन अफसोस, टैंक के अंदर फैली विषैली गैस का असर इतना तेज था कि आकाश भी जहरीली हवा की चपेट में आ गए और वहीं बेहोश हो गए।
पुलिस और फायर ब्रिगेड की कार्रवाई
घटना की सूचना तुरंत नॉलेज पार्क कोतवाली पुलिस और फायर सर्विस को दी गई।
मौके पर पहुंची राहत टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद दोनों को टैंक से बाहर निकाला और तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया।
हालांकि, तब तक काफी देर हो चुकी थी और डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।

