Chhattisgarh

खजूर कारोबारी पर GST की बड़ी कार्रवाई: विदेश से खरीदी को लोकल बताकर कर रहा था टैक्स चोरी, 1.30 करोड़ जुर्माना वसूला

रायपुर। स्टेट जीएसटी विभाग ने खजूर कारोबार में बड़ी कार्रवाई करते हुए शहर के कारोबारी से 1.30 करोड़ रुपए का जुर्माना वसूल किया है। विभाग के अनुसार, कारोबारी पर आरोप है कि वह विदेशों से आयात किए गए खजूर की खरीदी को स्थानीय कारोबार बताकर टैक्स चोरी कर रहा था। कार्रवाई के बाद कारोबारी ने वैधानिक कार्रवाई से बचने के लिए जुर्माने की राशि जमा कर दी।

जानकारी के मुताबिक, स्टेट जीएसटी अधिकारियों को सूचना मिली थी कि रायपुर में खजूर का बड़ा कारोबार करने वाले एसएन ट्रेडर्स का देवपुरी में बड़ा गोदाम है। कारोबारी गुढ़ियारी समेत कई इलाकों से खजूर की खरीदी-बिक्री करता था। बताया गया कि कंपनी विदेशों से खजूर आयात कर छत्तीसगढ़ सहित दूसरे राज्यों में सप्लाई करती थी।

जीएसटी विभाग की टीम ने जब देवपुरी स्थित गोदाम में जांच की तो शुरुआती तौर पर कोई बड़ा दस्तावेज हाथ नहीं लगा। इसी दौरान अधिकारियों को एक कंप्यूटर में लगी पेन ड्राइव मिली। जांच में पेन ड्राइव से करोड़ों रुपए के कारोबार से जुड़ी जानकारी सामने आई। इसके बाद विभाग ने कारोबारी के वास्तविक कारोबार और जीएसटी रिटर्न में दिखाई गई बिक्री का मिलान किया।

जांच में अधिकारियों को कथित तौर पर बड़ी मात्रा में अंतर मिला। विभाग का कहना है कि कारोबारी जितना वास्तविक कारोबार कर रहा था, उसका केवल एक हिस्सा ही रिकॉर्ड में दिखाया जा रहा था। विदेशों से आने वाले खजूर के आयात और बिक्री से जुड़े कई लेन-देन भी जांच के दायरे में आए।

अधिकारियों के अनुसार, खजूर खाद्य सामग्री की श्रेणी में आता है और इस पर 5 प्रतिशत जीएसटी लागू है। इसके बावजूद टैक्स जमा नहीं करने के कारण कारोबारी पर कार्रवाई की गई। एसएन ट्रेडर्स द्वारा छत्तीसगढ़ के अलावा झारखंड, मध्यप्रदेश और ओडिशा में भी खजूर सप्लाई किए जाने की जानकारी सामने आई है।

स्टेट जीएसटी विभाग अब कारोबार से जुड़े अन्य दस्तावेजों और लेन-देन की भी जांच कर रहा है। अधिकारियों का कहना है कि टैक्स चोरी के मामलों में आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।

Follow Us on Our Social Media

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button