सनातन पर बोले पप्पू यादव: ‘मैं भी सनातनी हूं, गेरुआ पहनकर धर्म की रक्षा कर रहा हूं’

पूर्णिया। पूर्णिया सांसद पप्पू यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में सनातन धर्म के प्रति अपनी आस्था जताते हुए कहा कि उन्हें भी गेरुआ वस्त्र पहनने का पूरा अधिकार है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग गेरुआ पहनकर राम मंदिर के नाम पर आए चंदे में भ्रष्टाचार कर रहे हैं, जबकि वह सनातन की रक्षा के लिए गेरुआ धारण करते हैं।
राम मंदिर ट्रस्ट की जांच की मांग
पप्पू यादव ने राम मंदिर ट्रस्ट से जुड़े चंपत राय और अन्य पदाधिकारियों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए कहा कि कथित 305 करोड़ रुपये के चंदे की हाईकोर्ट या सुप्रीम कोर्ट के किसी जज की निगरानी में जांच कराई जाए। उन्होंने सीसीटीवी फुटेज सार्वजनिक करने की भी मांग की।
‘एफआईआर से डरने वाला नहीं हूं’
अपने खिलाफ देश के अलग-अलग हिस्सों में दर्ज एफआईआर पर प्रतिक्रिया देते हुए पप्पू यादव ने कहा कि जब राहुल गांधी और प्रियंका गांधी एफआईआर से नहीं डरते, तो वह भी डरने वाले नहीं हैं। उन्होंने कहा कि यदि सनातन की रक्षा के लिए सौ बार भी मरना पड़े तो वह तैयार हैं।
दिल्ली में खुली चुनौती
पप्पू यादव ने कहा कि वह शाम 5 बजे दिल्ली पहुंचेंगे और जिन्हें जो करना है, वे सामने आ जाएं। उन्होंने कहा कि उन्हें धमकियों से डराया नहीं जा सकता।
वाराणसी में दर्ज हुई एफआईआर
इस बीच, वाराणसी के कोतवाली थाने में संसद परिसर के बाहर राम मंदिर चंदे को लेकर किए गए एक नाटक के मामले में लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, पप्पू यादव और सांसद अवधेश प्रसाद समेत अन्य लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।
शिकायत पातालपुरी मठ के प्रमुख जगद्गुरु बालक दास और अन्य संतों की ओर से दी गई है। आरोप है कि संसद परिसर के बाहर किए गए प्रदर्शन से धार्मिक भावनाएं आहत हुईं। वहीं, सूर्य मैथिल ने भी शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया कि पप्पू यादव ने भगवा का अपमान किया और इस प्रदर्शन को राहुल गांधी, डिंपल यादव, अवधेश प्रसाद तथा INDIA गठबंधन के अन्य सांसदों का समर्थन प्राप्त था।

