वंदे भारत के अनुरूप होगा जगदलपुर स्टेशन का विस्तार, आधुनिक सुविधाओं से बदलेगी तस्वीर

जगदलपुर रेलवे स्टेशन को भविष्य की रेल सेवाओं और बढ़ती यात्री सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए आधुनिक रूप देने की तैयारी तेज कर दी गई है। रायगड़ा मंडल के डीआरएम अमिताभ सिंघल ने स्टेशन परिसर और रेल सुविधाओं का निरीक्षण कर विकास कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने बताया कि प्रस्तावित कोचिंग यार्ड को अब वंदे भारत ट्रेन के अनुरूप विकसित किया जाएगा। इसके चलते परियोजना के लेआउट में बदलाव किया जा रहा है, जिससे निर्माण कार्य में कुछ समय लग सकता है।
स्टेशन परिसर में चार नई लिफ्ट लगाने का कार्य अंतिम चरण में पहुंच चुका है। सभी लिफ्ट शुरू होने के बाद नए स्टेशन भवन का उद्घाटन किया जाएगा। इसके अलावा बारिश समाप्त होने के बाद साइडिंग तक पहुंचने वाली एप्रोच रोड का निर्माण भी कराया जाएगा। रेलवे ने हाईमास्ट लाइट और वाटर स्प्रिंकलर जैसी अतिरिक्त सुविधाओं को भी मंजूरी दे दी है।
यात्री सुविधाओं और माल ढुलाई पर हुई चर्चा
निरीक्षण के दौरान व्यापारियों ने डीआरएम के सामने माल लोडिंग व्यवस्था और यात्री सुविधाओं से जुड़ी विभिन्न समस्याएं रखीं। नाइट एक्सप्रेस में सफाई व्यवस्था और गंदे कोचों को लेकर भी शिकायतें की गईं। डीआरएम ने इन मामलों में संबंधित मंडल को आवश्यक कार्रवाई के लिए पत्र भेजने का आश्वासन दिया।
आधुनिक स्टेशन के रूप में विकसित होगा जगदलपुर
रेलवे अधिकारियों का कहना है कि प्रस्तावित विकास कार्य पूरे होने के बाद जगदलपुर रेलवे स्टेशन आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा। नई आधारभूत सुविधाओं, बेहतर यात्री सेवाओं और वंदे भारत जैसी आधुनिक ट्रेनों की जरूरतों के अनुरूप स्टेशन का विस्तार क्षेत्र की रेल व्यवस्था को नई मजबूती देगा।

