National

दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान पप्पू यादव के आवास पर हंगामा, हमले की कोशिश का आरोप

पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव की दिल्ली स्थित आवास पर रविवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान हंगामा हो गया। इस दौरान एक युवक के अंदर घुसने और चाकू से हमला करने की कोशिश करने का आरोप लगाया गया है।

पप्पू यादव ने दावा किया कि एक युवक चाकू लेकर उनके घर में घुसा था और उनकी हत्या की साजिश रची जा रही है। हालांकि, उन्होंने कहा कि वह किसी भी धमकी से डरने वाले नहीं हैं।

पप्पू यादव के समर्थकों का कहना है कि युवक ने पहले हंगामा किया, फिर चप्पल फेंकी और बाद में चाकू निकालकर हमला करने की कोशिश की। समर्थकों ने उसे पकड़ लिया, जिसके बाद उसकी पिटाई भी की गई।

यह प्रेस कॉन्फ्रेंस हाल ही में संसद परिसर में पप्पू यादव के विरोध प्रदर्शन और उसके बाद उनके खिलाफ दर्ज एफआईआर के मुद्दे पर बुलाई गई थी। इसी दौरान वह आगे की अपनी रणनीति भी बताने वाले थे।

समर्थकों ने आरोप लगाया कि पप्पू यादव को पहले भी धमकियां मिल चुकी हैं और इस मामले की जानकारी पुलिस को दी गई थी। उनका कहना है कि सुरक्षा व्यवस्था पर्याप्त नहीं थी।

घटना की सूचना मिलने के बाद तिलक मार्ग थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि घटना कैसे हुई और इसमें शामिल लोगों की क्या भूमिका थी।

Follow Us on Our Social Media

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button