‘मिर्जापुर: द मूवी’ के सामने पस्त पड़ी ‘जीवन भीमा कॉन’, 4 दिन में सिर्फ 56 लाख का कलेक्शन

मुंबई। बॉक्स ऑफिस पर 4 सितंबर को दो फिल्मों के बीच मुकाबला देखने को मिला। एक तरफ प्राइम वीडियो की चर्चित वेब सीरीज ‘मिर्जापुर’ पर आधारित फिल्म ‘मिर्जापुर: द मूवी’ रिलीज हुई, तो दूसरी ओर अरशद वारसी स्टारर क्राइम-कॉमेडी फिल्म ‘जीवन भीमा कॉन’ ने सिनेमाघरों में दस्तक दी। जहां ‘मिर्जापुर: द मूवी’ दर्शकों को आकर्षित करने में कामयाब रही, वहीं ‘जीवन भीमा कॉन’ की बॉक्स ऑफिस कमाई बेहद कमजोर रही।
4 दिन में 56 लाख का कलेक्शन
सैकनिल्क के अनुसार, ‘जीवन भीमा कॉन’ ने पहले दिन महज 17 लाख रुपये का नेट कलेक्शन किया। दूसरे दिन फिल्म ने 20 लाख रुपये, तीसरे दिन 15 लाख रुपये और चौथे दिन करीब 4 लाख रुपये कमाए।
इस तरह फिल्म का चार दिनों का कुल नेट कलेक्शन महज 56 लाख रुपये रहा। यानी रिलीज के चार दिन बाद भी फिल्म 1 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार नहीं कर सकी।
अरशद वारसी समेत ये कलाकार आए नजर
‘जीवन भीमा कॉन’ एक क्राइम-कॉमेडी फिल्म है, जिसमें अरशद वारसी लीड रोल में हैं। फिल्म का निर्देशन अभिषेक डोगरा ने किया है। इसमें अरशद वारसी के अलावा संजीदा शेख और विजय राज भी अहम भूमिकाओं में नजर आए हैं।
हालांकि, शानदार स्टारकास्ट के बावजूद फिल्म सिनेमाघरों में दर्शकों को खास तौर पर आकर्षित करने में नाकाम रही है। कमजोर ओपनिंग के बाद फिल्म की कमाई में लगातार गिरावट देखने को मिली।
‘मिर्जापुर: द मूवी’ ने मचाया धमाल
वहीं, ‘मिर्जापुर: द मूवी’ ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार शुरुआत की। फिल्म ने पहले दिन 25.75 करोड़ रुपये का कारोबार किया। दूसरे दिन इसकी कमाई 32 करोड़ रुपये, तीसरे दिन 36 करोड़ रुपये और चौथे दिन 16 करोड़ रुपये रही।
चार दिनों में फिल्म का कुल कलेक्शन 109.75 करोड़ रुपये तक पहुंच गया। इस तरह फिल्म ने महज चार दिनों में 100 करोड़ रुपये के क्लब में एंट्री कर ली।
क्लैश में ‘मिर्जापुर’ का पलड़ा भारी
बॉक्स ऑफिस के शुरुआती आंकड़ों को देखें तो 4 सितंबर को रिलीज हुई इन दोनों फिल्मों के बीच मुकाबले में ‘मिर्जापुर: द मूवी’ स्पष्ट रूप से आगे निकल गई है। जहां फिल्म ने चार दिनों में 100 करोड़ का आंकड़ा पार कर लिया, वहीं ‘जीवन भीमा कॉन’ 1 करोड़ रुपये तक भी नहीं पहुंच पाई।
फिलहाल ‘मिर्जापुर: द मूवी’ की मजबूत कमाई को देखते हुए फिल्म के आगे भी अच्छा प्रदर्शन करने की उम्मीद है, जबकि ‘जीवन भीमा कॉन’ के लिए बॉक्स ऑफिस पर वापसी करना चुनौतीपूर्ण नजर आ रहा है।



