Follow Us on Our Social Media
EntertainmentNational

अनिल कपूर के घर सजा करवा चौथ का सितारों भरा जश्न, शिल्पा-मीरा ट्रेडिशनल लुक में पहुंचीं

प्रियंका चोपड़ा ने अमेरिका में निक जोनस और बेटी मालती के साथ मनाया त्योहार, पति के लिए जताया प्यार; आमिर खान और गौरी स्प्रैट का शादी के बाद पहला करवा चौथ

दिल्ली। बॉलीवुड में गुरुवार को करवा चौथ (Karwa Chauth) का त्योहार धूमधाम से मनाया गया। इस मौके पर फिल्मी सितारों के घरों में पूजा और सेलिब्रेशन का माहौल रहा। अभिनेत्रियां जहां पारंपरिक साड़ियों और लहंगों में सजी नजर आईं, वहीं कई अभिनेता भी अपनी पत्नियों के साथ त्योहार मनाने पहुंचे। मुंबई में अनिल कपूर के घर आयोजित करवा चौथ सेलिब्रेशन में बॉलीवुड की कई जानी-मानी हस्तियों ने शिरकत की। हर साल की तरह इस बार भी अनिल कपूर की पत्नी सुनीता कपूर ने इस आयोजन की मेजबानी की।

समारोह में शिल्पा शेट्टी, सोनम कपूर, मीरा राजपूत, रीदिमा कपूर साहनी, महीप कपूर, भावना पांडे, नीलम कोठारी, गीता बसरा, अंशुला कपूर, ताहिरा कश्यप, मिनी माथुर और फराह खान समेत कई सेलिब्रिटीज पहुंचीं। सभी ने पारंपरिक परिधानों में अपनी खूबसूरती और अंदाज से समारोह में चार चांद लगा दिए।

शिल्पा शेट्टी ओमब्रे पिंक और रेड कलर की साड़ी में बेहद खूबसूरत नजर आईं। उन्होंने अपने लुक को पारंपरिक अंदाज में पूरा किया। वहीं, शाहिद कपूर की पत्नी मीरा राजपूत ट्रेडिशनल साड़ी पहनकर पहुंचीं। रीदिमा कपूर साहनी गुलाबी रंग के लहंगे में दिखाई दीं। पूर्व क्रिकेटर हरभजन सिंह की पत्नी गीता बसरा ने पिंक शरारा सूट पहना था। अभिनेत्री पद्मिनी कोल्हापुरे भी पूजा में शामिल हुईं। इसके अलावा वरुण धवन की पत्नी नताशा दलाल और निर्देशक रोहित धवन की पत्नी जानवी देसाई धवन भी समारोह का हिस्सा बनीं।

आमिर खान और गौरी स्प्रैट का शादी के बाद पहला करवा चौथ

इस समारोह (Karwa Chauth)  में अभिनेता आमिर खान अपनी पत्नी गौरी स्प्रैट के साथ पहुंचे। शादी के बाद दोनों का यह पहला करवा चौथ था, इसलिए उनकी मौजूदगी भी चर्चा में रही। आमिर खान कुर्ता-धोती और साधारण चप्पलों में नजर आए। वहीं गौरी ने नीले रंग का बनारसी सूट पहना था। दोनों ने पैपराजी के सामने तस्वीरें खिंचवाईं। इस दौरान दोनों का सादगी भरा अंदाज देखने को मिला।

प्रियंका ने निक को बताया सबसे खास पति

बॉलीवुड अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा ने अमेरिका में पति निक जोनस और बेटी मालती मैरी के साथ करवा चौथ मनाया। उन्होंने सोशल मीडिया पर इस खास दिन की कई तस्वीरें साझा कीं। प्रियंका लाल रंग के पारंपरिक परिधान में नजर आईं। उनके हाथों में मेहंदी भी लगी थी। खास बात यह रही कि मेहंदी में निक और बेटी मालती के नाम के शुरुआती अक्षर शामिल थे।

प्रियंका ने बताया कि निक ने अपने म्यूजिक टूर का शेड्यूल इस तरह बनाया कि वह इस खास दिन परिवार के साथ रह सकें। उन्होंने लिखा कि निक ने बिना कुछ कहे ही समझ लिया कि यह दिन उनके और मालती के लिए कितना महत्वपूर्ण है। प्रियंका ने पति की तारीफ करते हुए लिखा, ‘मेरे पति जैसा कोई नहीं है। मैं चाहती हूं कि आप सभी को भी ऐसा प्यार मिले। हैप्पी करवा चौथ।’

प्रियंका की इस पोस्ट पर फैंस ने भी प्यार जताया। उनकी तस्वीरों में पति-पत्नी के बीच की बॉन्डिंग और पारिवारिक खुशी देखने को मिली। खास तौर पर निक का अपने टूर के बीच परिवार के लिए समय निकालना चर्चा का विषय रहा।

ताहिरा-आयुष्मान और रकुल-जैकी ने भी साझा की तस्वीरें

अभिनेता आयुष्मान खुराना और उनकी पत्नी ताहिरा कश्यप ने भी करवा चौथ (Karwa Chauth)  के मौके पर तस्वीरें शेयर कीं। ताहिरा लाल साड़ी में नजर आईं, जबकि आयुष्मान ने बेज रंग का सूट पहना था। दोनों ने त्योहार के खास पलों को सोशल मीडिया के जरिए फैंस के साथ साझा किया।

वहीं, अभिनेत्री रकुल प्रीत सिंह ने पति जैकी भगनानी के साथ करवा चौथ मनाया। रकुल लाल रंग के कुर्ता सेट और हैवी ज्वेलरी में नजर आईं। उन्होंने व्रत खोलने के दौरान की तस्वीरें भी साझा कीं। एक तस्वीर में जैकी उन्हें माथे पर किस करते दिखाई दिए। इस फोटो को फैंस ने खूब पसंद किया।

सोशल मीडिया पर छाया सितारों का करवा चौथ लुक

करवा चौथ के मौके पर बॉलीवुड हस्तियों ने सिर्फ पारंपरिक परिधानों से ही नहीं, बल्कि अपने पारिवारिक पलों से भी फैंस का ध्यान खींचा। किसी ने पति के साथ पूजा की तस्वीरें साझा कीं तो किसी ने मेहंदी और सजने-संवरने के खास पलों को दिखाया। अनिल कपूर के घर हुए समारोह से लेकर प्रियंका चोपड़ा और निक जोनस की अमेरिका में हुई सेलिब्रेशन तक, सोशल मीडिया पर सितारों के करवा चौथ की तस्वीरें छाई रहीं।

इस बार के सेलिब्रेशन में बॉलीवुड की पुरानी परंपरा के साथ नए दौर के सेलिब्रिटी कपल्स का अंदाज भी देखने को मिला। पारंपरिक साड़ियों, लहंगों और शरारा सूट के बीच सितारों ने अपने-अपने तरीके से इस त्योहार को खास बनाया।

Follow Us on Our Social Media

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button