Follow Us on Our Social Media
Chhattisgarh

झीरम मामले से लेकर भ्रष्टाचार और निकाय चुनाव तक, धनेंद्र साहू ने सरकार पर साधा निशाना

रायपुर। झीरम नक्सली हमला मामले में आज दोषियों को सजा सुनाए जाने के बीच पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष धनेंद्र साहू ने जांच और कार्रवाई को लेकर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि घटना को 13-14 वर्ष बीत जाने के बाद भी एनआईए मुख्य दोषियों तक नहीं पहुंच पाई है। उनके मुताबिक, जिन लोगों को अपराधी घोषित किया गया है, वे वास्तविक हत्यारे नहीं हैं और सजा पाने वालों में कर्मचारी व नौकर-चाकर वर्ग के लोग शामिल हैं। उन्होंने कहा कि मोस्टवांटेड आरोपियों को अब तक सजा नहीं मिली और जांच एजेंसी वास्तविक हत्यारों तक नहीं पहुंच सकी।

हल्दी बीज वितरण में भ्रष्टाचार का आरोप

हल्दी बीज वितरण में भ्रष्टाचार के आरोपों पर धनेंद्र साहू ने कहा कि छत्तीसगढ़ में नकली और अमानक बीजों की बिक्री की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं। उन्होंने दावा किया कि हल्दी के बीज भी अमानक पाए गए हैं और सहकारी सेवा केंद्रों से वितरित किए जा रहे बीजों की गुणवत्ता पर भी सवाल हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार किसानों को गुणवत्तापूर्ण खाद-बीज उपलब्ध कराने में विफल रही है।

आंबेडकर अस्पताल में चूहों के मुद्दे पर सवाल

आंबेडकर अस्पताल में चूहों से निपटने के लिए 25 लाख रुपये खर्च किए जाने के मामले पर भी कांग्रेस नेता ने सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने सवाल किया कि इस राशि से कितने चूहे मारे गए और क्या इसका भी कोई हिसाब होगा। धनेंद्र साहू ने आरोप लगाया कि दवाइयों की खरीदी समेत विभिन्न मामलों में भ्रष्टाचार हो रहा है।

निकाय चुनाव में इन मुद्दों पर जनता के बीच जाएगी कांग्रेस

नगरीय निकाय चुनाव को लेकर धनेंद्र साहू ने दावा किया कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में विकास कार्य प्रभावित हुए हैं। उन्होंने महंगाई, बिजली, स्मार्ट मीटर, नालियों की समस्या और सफाई व्यवस्था को प्रमुख मुद्दे बताते हुए कहा कि कांग्रेस इन मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाएगी। उन्होंने कहा कि शहरी क्षेत्रों में विकास कार्यों के लिए पर्याप्त राशि उपलब्ध नहीं होने का भी सवाल है।

पीएम आवास को लेकर बोले- सभी पात्रों को मिले लाभ

पीएम आवास योजना को लेकर जारी राजनीतिक बहस पर धनेंद्र साहू ने कहा कि सभी पात्र हितग्राहियों को योजना का लाभ मिलना चाहिए। उन्होंने सरकार पर आंकड़ों को लेकर सवाल उठाते हुए कहा कि वास्तविक स्थिति सामने आनी चाहिए और योजना से जुड़ी खामियों को दूर किया जाना चाहिए। उन्होंने दावा किया कि पीएम आवास को लेकर कई लोग परेशान हैं और कुछ लोग कर्ज के बोझ में हैं।

सेवा संकल्प अभियान पर भी साधा निशाना

पीएम मोदी के जन्मदिन के अवसर पर भाजपा द्वारा चलाए जाने वाले सेवा संकल्प अभियान पर धनेंद्र साहू ने कहा कि केवल सफाई अभियान या पौधरोपण के दौरान फोटो खिंचवाने से जनता की समस्याएं दूर नहीं होंगी। उन्होंने महंगाई और भ्रष्टाचार को कम करने को ही जनता की बड़ी सेवा बताया। साथ ही उन्होंने भाजपा पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लोकप्रियता को लेकर राजनीतिक तौर पर प्रचार अभियान चलाने का आरोप लगाया।

Follow Us on Our Social Media

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button