Follow Us on Our Social Media
National

मोहन भागवत के बयान का हवाला देकर अभिजीत दिपके का BJP पर हमला,

बोले- ‘अपने ही मेंटर की बात नहीं मान रही पार्टी’

मुंबई। आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत के हालिया बयान को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दिपके ने बीजेपी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि मोहन भागवत ने युवाओं और Gen Z को लेकर जो बात कही है, उसे भाजपा नेताओं को भी गंभीरता से सुनना चाहिए।

अभिजीत दिपके ने मोहन भागवत की Gen Z और Gen Alpha के छात्रों के साथ बातचीत का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि बातचीत के दौरान मोहन भागवत ने यह स्पष्ट संदेश दिया कि युवाओं और विरोध करने वाले छात्रों को देश-विरोधी बताना सही नहीं है। उनका कहना था कि विरोध करने वालों को अपनी बात रखने का अधिकार है और उनके मुद्दों को सुना जाना चाहिए।

‘भाजपा को अपने ही मेंटर की बात सुननी चाहिए’

अभिजीत दिपके ने कहा कि वह चाहते हैं कि भाजपा के नेता भी मोहन भागवत की बात पर ध्यान दें। उन्होंने अपने आंदोलन के दौरान भाजपा नेताओं की ओर से की गई कथित टिप्पणियों का जिक्र करते हुए कहा कि एक तरफ युवाओं को लेकर मोहन भागवत अलग संदेश दे रहे हैं, जबकि दूसरी तरफ भाजपा नेताओं का रवैया अलग नजर आता है।

उन्होंने आरोप लगाया कि आंदोलन के दौरान उन्हें और प्रदर्शनकारियों को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणियां की गईं।

दिपके ने कहा कि मोहन भागवत भाजपा के वैचारिक मार्गदर्शक हैं, लेकिन अगर पार्टी उनकी बात नहीं मानती तो यह चिंता की बात है। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि क्या RSS और BJP के बीच तालमेल में कमी आ रही है।

‘फेक वीडियो की जांच होनी चाहिए’

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे कथित फेक और AI-generated वीडियो को लेकर भी अभिजीत दिपके ने जांच की मांग की।

उन्होंने आरोप लगाया कि उनके खिलाफ भी कई AI-generated वीडियो बनाए गए हैं। दिपके का दावा है कि अगर इन वीडियो की सही तरीके से जांच हो, तो इनके पीछे कौन है, इसका पता लगाया जा सकता है।

उन्होंने कहा कि फेक वीडियो की जांच जरूरी है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि भ्रामक कंटेंट किसने और किस उद्देश्य से तैयार किया।

‘एकजुट होकर सरकार पर दबाव बनाया जा सकता है’

जंतर-मंतर पर हुए विरोध प्रदर्शन का जिक्र करते हुए दिपके ने कहा कि जब देश के लोग राजनीतिक विचारधारा और मतभेदों से ऊपर उठकर किसी साझा मुद्दे पर एकजुट होते हैं, तो सरकार पर दबाव बनाया जा सकता है।

उन्होंने दावा किया कि आगे भी आम मुद्दों को लेकर ज्यादा से ज्यादा लोगों को एकजुट करने की कोशिश की जाएगी।

JPSC छात्रों के आंदोलन को समर्थन

झारखंड में JPSC छात्रों के विरोध प्रदर्शन पर भी अभिजीत दिपके ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि उनकी टीम और प्रतिनिधिमंडल झारखंड में छात्रों के साथ काम कर रहा है।

दिपके ने कहा कि जहां भी छात्र अपनी मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं, उनकी आवाज को बड़े जनआंदोलन का रूप दिया जा सकता है। उन्होंने झारखंड के प्रदर्शनकारी युवाओं की मांगों का समर्थन करते हुए आंदोलन को मजबूत करने के लिए हर संभव मदद का भरोसा दिया।

दिल्ली पुलिस पर भी लगाए आरोप

अपने घर के बाहर युवाओं के धरने और पुलिस शिकायत को लेकर दिपके ने कहा कि उनकी टीम ने प्रदर्शन कर रहे लोगों से लगातार बातचीत की थी। उन्होंने दावा किया कि उनकी मांगों और सुझावों को सुना गया और अगली बैठक में उन्हें बुलाने का आश्वासन भी दिया गया था।

वहीं जंतर-मंतर आंदोलन के दौरान हुए नुकसान को लेकर उन्होंने दिल्ली पुलिस पर आरोप लगाए। दिपके ने दावा किया कि नुकसान पुलिस की कार्रवाई के कारण हुआ और इसकी भरपाई दिल्ली पुलिस को करनी चाहिए।

फिलहाल मोहन भागवत के बयान को लेकर अभिजीत दिपके का यह हमला राजनीतिक बहस को और तेज करता नजर आ रहा है। अब देखना होगा कि भाजपा या RSS की ओर से इन आरोपों और सवालों पर क्या प्रतिक्रिया सामने आती है।

Follow Us on Our Social Media

Shruti Jangde

With over 6 years of experience in the media industry, I specialize in news anchoring, copywriting, and digital journalism. I cover a wide range of news, delivering accurate, unbiased, and fact-based reporting. Passionate about bringing the truth to the public, I am committed to ethical journalism and credible storytelling. My goal is to inform, inspire, and make a meaningful impact through responsible reporting.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button