Follow Us on Our Social Media
International

208 की स्पीड…रनवे पार कर गाड़ियों से टकराया अमेजन का विमान: मियामी एयरपोर्ट पर 5 की मौत, 5 घायल

मियामी। अमेरिका के मियामी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर सोमवार को लैंडिंग के दौरान अमेजन का कार्गो विमान रनवे ( Amazon plane crashe) से बाहर निकल गया। विमान ने एयरपोर्ट के आसपास मौजूद कई गाड़ियों को टक्कर मार दी। हादसे में 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि 5 अन्य घायल हुए हैं। घायलों में 3 की हालत गंभीर बताई जा रही है।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। विमान रनवे से बाहर निकलने के बाद एयरपोर्ट के आसपास गोदाम कर्मचारियों और दूसरे व्यवसायों द्वारा इस्तेमाल किए जाने वाले क्षेत्र में जा पहुंचा। टक्कर के बाद विमान में आग लग गई। घटनास्थल से घना काला धुआं उठता दिखाई दिया। आग की लपटों ने पूरे इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया।

रनवे से बाहर निकलकर गाड़ियों से टकराया विमान

हादसे का एक वीडियो भी सामने आया है। इसमें कार्गो विमान को रनवे पर आगे बढ़ते हुए देखा जा सकता है। इसके बाद विमान रनवे की सीमा से बाहर निकल जाता है और एयरपोर्ट के आसपास के क्षेत्र में पहुंच जाता है।

वीडियो में विमान के आसपास आग की तेज लपटें ( Amazon plane crashe) और काला धुआं दिखाई देता है। विमान आखिरकार सड़क किनारे दो सेमी-ट्रकों के पास जाकर रुक गया। हादसे के बाद विमान काफी हद तक अपनी मूल स्थिति में दिखाई दे रहा था, लेकिन वह उल्टा पड़ा हुआ था और आग की चपेट में था।

यह भी पढ़े: बहामास में भीषण विमान हादसा: उड़ान भरने के कुछ देर बाद प्लेन क्रैश, 10 लोगों की मौत

208 किमी/घंटे की रफ्तार से चल रहा था विमान

फ्लाइटरडार24 के डेटा के मुताबिक, जिस समय विमान रनवे से बाहर निकला, उस वक्त उसकी गति करीब 112 नॉट यानी 129 मील प्रति घंटे थी। भारतीय पैमाने पर यह रफ्तार करीब 208 किलोमीटर प्रति घंटे बैठती है।

इतनी तेज रफ्तार में लैंडिंग के दौरान विमान को निर्धारित रनवे के भीतर रोकना बेहद महत्वपूर्ण होता है। यदि विमान समय पर नहीं रुक पाता या उसका नियंत्रण बिगड़ जाता है तो वह रनवे से बाहर जा सकता है।

क्या होता है रनवे एक्सकर्शन?

मियामी में हुआ हादसा विमानन की भाषा में ‘रनवे एक्सकर्शन’ कहलाता है। जब कोई विमान टेक-ऑफ या लैंडिंग के दौरान रनवे की तय सीमा में नहीं रह पाता और बाहर निकल जाता है, तो इसे रनवे एक्सकर्शन कहा जाता है।

इसके मुख्य रूप से दो प्रकार होते हैं। पहला वीर ऑफ, जिसमें विमान रनवे से दाएं या बाएं तरफ निकलकर कच्ची जमीन या मिट्टी पर चला जाता है। दूसरा ओवरशूट, जिसमें विमान रनवे की पूरी लंबाई पार कर उसके अंतिम छोर से आगे निकल जाता है।

लैंडिंग के दौरान इसका खतरा ज्यादा रहता है, क्योंकि विमान को तेज गति से नीचे आने के बाद कम समय और सीमित दूरी में पूरी तरह रोकना होता है।

खराब मौसम से लेकर तकनीकी खराबी तक कारण

रनवे एक्सकर्शन के पीछे कई कारण ( Amazon plane crashe) हो सकते हैं। खराब मौसम, रनवे पर पानी या अन्य वजहों से फिसलन, तकनीकी खराबी, असुरक्षित अप्रोच और पायलट से जुड़ी परिस्थितियां इसके संभावित कारणों में शामिल हैं।

यदि विमान तय लैंडिंग पॉइंट से आगे उतरता है या अपेक्षाकृत ज्यादा गति से रनवे पर आता है, तो उसे रोकने के लिए उपलब्ध दूरी कम हो सकती है। ऐसी स्थिति में विमान के रनवे से बाहर जाने का खतरा बढ़ जाता है।

हादसे रोकने के लिए क्या इंतजाम?

आधुनिक एयरपोर्ट्स पर रनवे से विमान के बाहर जाने की स्थिति में नुकसान कम करने के लिए कई सुरक्षा उपाय किए जाते हैं। कुछ एयरपोर्ट्स पर रनवे के अंतिम हिस्से में एरेस्टिंग सिस्टम लगाए जाते हैं। ये सिस्टम विमान की गति को तेजी से कम करने में मदद करते हैं।

इसके अलावा पायलटों को लैंडिंग के दौरान स्थिति अनुकूल नहीं होने पर गो-अराउंड करने की ट्रेनिंग दी जाती है। यानी विमान को रनवे पर उतारने के बजाय दोबारा हवा में ले जाकर दूसरी बार लैंडिंग की कोशिश की जाती है।

फिलहाल मियामी एयरपोर्ट पर हुए इस हादसे के बाद दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि विमान रनवे से क्यों बाहर निकला और हादसे के पीछे मौसम, तकनीकी कारण या अन्य कोई वजह थी।

Follow Us on Our Social Media

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button