83 की उम्र में भी नहीं थम रहा अमिताभ बच्चन का जोश, एक दिन में शूट कीं 12 शॉर्ट फिल्में और 2 फोटोशूट

मुंबई। बॉलीवुड के महानायक Amitabh Bachchan 83 साल की उम्र में भी लगातार काम कर रहे हैं और अपनी ऊर्जा से सभी को हैरान कर रहे हैं। हाल ही में उन्होंने अपने ब्लॉग में खुलासा किया कि उन्होंने एक ही दिन में 12 शॉर्ट फिल्में और 2 फोटोशूट पूरे किए हैं।
अमिताभ बच्चन ने अपने ब्लॉग में लिखा, “काम ही काम है। आज 12 शॉर्ट फिल्में शूट कीं, 2 स्टिल शूट पूरे किए और अब ब्लॉग पर काम कर रहा हूं। दिनभर का यह सिलसिला बिना रुके चलता रहता है और इसे रुकना नहीं चाहिए।”
उन्होंने ब्लॉग के साथ स्क्रिप्ट पढ़ते हुए अपनी कुछ तस्वीरें भी साझा कीं। तस्वीरों के साथ उन्होंने लिखा कि किसी भी शूट से पहले पूरी तैयारी और समर्पण के साथ स्क्रिप्ट का अध्ययन करना बेहद जरूरी होता है।
सोशल मीडिया पर भी सक्रिय

अमिताभ बच्चन सोशल मीडिया पर भी काफी सक्रिय रहते हैं। उन्होंने हाल ही में एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर एक पोस्ट साझा करते हुए लिखा, “बोलो सोचो – सोचो बोलो।” उनके इस पोस्ट पर फैंस ने अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दीं। कुछ लोगों ने इसे दिलचस्प बताया तो कुछ ने मजाकिया अंदाज में सवाल पूछे।
‘कल्कि 2’ में फिर दिखेंगे अश्वत्थामा
वर्कफ्रंट की बात करें तो अमिताभ बच्चन जल्द ही Kalki 2898 AD के सीक्वल में नजर आएंगे। पहली फिल्म में उनके अश्वत्थामा के किरदार को दर्शकों ने खूब पसंद किया था। बताया जा रहा है कि फिल्म के दूसरे भाग की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं और अमिताभ बच्चन भी इसके लिए काम कर रहे हैं।
इसके अलावा वह लोकप्रिय टीवी शो Kaun Banega Crorepati के नए सीजन की मेजबानी भी करते नजर आएंगे।
83 वर्ष की उम्र में भी अमिताभ बच्चन का अनुशासन, मेहनत और काम के प्रति समर्पण युवा कलाकारों के लिए प्रेरणा बना हुआ है।

