National

सांसद अभिषेक बनर्जी पर हमला: अंडे फेंके, शर्ट फाड़ी, हेलमेट पहनाकर निकाला गया

दिल्ली। पश्चिम बंगाल के सोनारपुर दक्षिण क्षेत्र में शनिवार शाम तृणमूल कांग्रेस (TMC) सांसद अभिषेक बैनर्जी पर कथित तौर पर हमला किया गया। वे विधानसभा चुनाव के बाद हुई हिंसा में प्रभावित टीएमसी कार्यकर्ताओं और पीड़ित परिवारों से मिलने पहुंचे थे। इसी दौरान विरोध कर रहे लोगों ने उन्हें घेर लिया और जमकर नारेबाजी की।

अभिषेक बनर्जी ने आरोप लगाया कि भाजपा समर्थकों ने उनके ऊपर अंडे, जूते और पत्थर फेंके तथा धक्का-मुक्की कर उनकी शर्ट तक फाड़ दी। हालात बिगड़ने पर सुरक्षा कर्मियों ने उन्हें हेलमेट पहनाकर सुरक्षित स्थान तक पहुंचाया। घटना के कई वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर सामने आई हैं, जिनमें भीड़ उनके खिलाफ नारे लगाती दिखाई दे रही है।

हमले के बाद अभिषेक ने कहा कि यह पूर्व नियोजित साजिश थी। उनका आरोप है कि मौके पर पर्याप्त पुलिस बल मौजूद नहीं था और हमलावर उन्हें गंभीर नुकसान पहुंचाना चाहते थे। उन्होंने कहा कि हेलमेट की वजह से उनके सिर को चोट नहीं लगी। साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि इस मामले को लेकर वे सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाएंगे और संसद में विशेषाधिकार हनन का नोटिस भी देंगे।

पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे अभिषेक

घटना के बाद अभिषेक बनर्जी हिंसा में मारे गए एक टीएमसी कार्यकर्ता के परिवार से मिलने पहुंचे। उन्होंने कहा कि जब तक पुलिस सुरक्षा सुनिश्चित नहीं करती, वे पीड़ित परिवार को अकेला नहीं छोड़ेंगे।

सोनारपुर दक्षिण, दक्षिण 24 परगना जिले का राजनीतिक रूप से संवेदनशील इलाका माना जाता है, जहां टीएमसी और भाजपा के बीच लंबे समय से राजनीतिक टकराव देखने को मिलता रहा है। विधानसभा चुनाव 2026 के बाद भी यहां हिंसा की कई घटनाएं सामने आई थीं।

पूर्व सीएम ने की टिप्पणी

घटना पर पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बैनर्जी ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा की आलोचना की। वहीं मल्लिकार्जुन खड़गे और अखिलेश यादव ने भी हमले की निंदा करते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

Follow Us on Our Social Media
Back to top button