पुरी रथ यात्रा से पहले एयरटेल ने ओडिशा में मजबूत किया 5जी नेटवर्क

भुवनेश्वर। पुरी रथ यात्रा से पहले भारती एयरटेल ने ओडिशा में अपने नेटवर्क को और मजबूत करने की घोषणा की है। कंपनी ने बताया कि श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या और वॉयस-डेटा ट्रैफिक को देखते हुए पुरी और वहां तक जाने वाले प्रमुख सड़क व रेल मार्गों पर नेटवर्क क्षमता बढ़ाई गई है।
एयरटेल के अनुसार, पिछले 12 महीनों में ओडिशा में 1,500 से अधिक नई 5जी साइट्स स्थापित की गई हैं। इससे राज्य के सभी 30 जिलों में नेटवर्क कवरेज मजबूत हुआ है और 1.1 करोड़ (11 मिलियन) से अधिक ग्राहकों को हाई-स्पीड कनेक्टिविटी का लाभ मिल रहा है।
कंपनी ने बताया कि रथ यात्रा के दौरान बढ़ने वाली नेटवर्क मांग को देखते हुए 5जी इन्फ्रास्ट्रक्चर को अपग्रेड किया गया है, ताकि श्रद्धालुओं को निर्बाध कॉलिंग और तेज इंटरनेट सेवा मिल सके।
ग्राहकों के लिए एयरटेल ने ₹399 से शुरू होने वाले फुली अनलिमिटेड प्रीपेड प्लान भी पेश किए हैं। इन प्लान्स में अनलिमिटेड कॉलिंग के साथ सभी प्रीपेड स्मार्टफोन उपयोगकर्ताओं को अनलिमिटेड 4जी और 5जी डेटा की सुविधा मिलेगी।
भारती एयरटेल के मुख्य परिचालन अधिकारी (सीओओ) अभिरूप चटर्जी ने कहा कि पुरी रथ यात्रा देश के सबसे बड़े धार्मिक आयोजनों में से एक है। ऐसे में श्रद्धालुओं को बेहतर और निर्बाध कनेक्टिविटी उपलब्ध कराना कंपनी की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि एयरटेल ने पुरी और प्रमुख यात्रा मार्गों पर नेटवर्क विस्तार का कार्य पूरा कर लिया है, ताकि पूरे आयोजन के दौरान ग्राहकों को बेहतर नेटवर्क अनुभव मिल सके।



