कुत्ता घुमाने को लेकर विवाद, रिटायर्ड इंस्पेक्टर समेत 4 पर FIR

गाजियाबाद। राजनगर एक्सटेंशन की राज एंपायर सोसायटी में कुत्ता घुमाने को लेकर शुरू हुआ विवाद मारपीट तक पहुंच गया। मामले में पीड़ित शिवम गुप्ता की शिकायत पर दिल्ली पुलिस के रिटायर्ड इंस्पेक्टर आनंद कुमार समेत चार लोगों के खिलाफ नंदग्राम थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें सोसायटी परिसर में दो पक्षों के बीच मारपीट होती दिखाई दे रही है।
पुलिस के अनुसार, शिवम गुप्ता ने रविवार देर रात करीब 12 बजे थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि रविवार शाम करीब 4:30 बजे सोसायटी के मेंटेनेंस अधिकारी संतोष तिवारी ने उन्हें नीचे बुलाया था। इसके बाद वह सोसायटी परिसर में पहुंचे। वहां पहले से रिटायर्ड इंस्पेक्टर आनंद कुमार, उनका बेटा और परिवार के अन्य सदस्य मौजूद थे।
यह भी पढ़े: ज्वेलरी शुद्धता जांच को लेकर विवाद: मालाबार ज्वेलर्स के कर्मचारियों के खिलाफ एफआईआर
कुत्ते का VIDEO ग्रुप में डालने से शुरू हुआ विवाद
शिवम गुप्ता के मुताबिक, विवाद की शुरुआत सोसायटी के ग्रुप में आनंद कुमार के कुत्ते (FIR) को घुमाने का वीडियो डालने के बाद हुई। इसी मामले को लेकर बातचीत के दौरान दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई। आरोप है कि इसके बाद आनंद कुमार और उनके साथ मौजूद लोगों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और शिवम के साथ मारपीट की।
पीड़ित ने पुलिस को दी शिकायत में जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है। शिवम का यह भी कहना है कि झगड़े के दौरान उनके गले से सोने की चेन गायब हो गई। हालांकि, चेन झगड़े के दौरान गिर गई या किसी ने निकाल ली, इस बारे में वह निश्चित नहीं हैं।
पुलिस ने शुरू की जांच
मामले में पुलिस ने शिकायत के आधार पर रिटायर्ड इंस्पेक्टर आनंद कुमार समेत चार लोगों के खिलाफ केस (FIR) दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस वायरल वीडियो और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों की जांच कर रही है।
एसीपी नंदग्राम जियाउद्दीन अहमद के मुताबिक, सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। पुलिस दोनों पक्षों से पूछताछ कर घटना की पूरी जानकारी जुटा रही है।
सोसायटी में कुत्तों को घुमाने और उनसे जुड़ी गतिविधियों को लेकर पहले भी कई जगह विवाद सामने आते रहे हैं। इस मामले में पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



