CM विष्णुदेव साय ने सुनी ‘मन की बात’ की 137वीं कड़ी, बोले- ‘नशामुक्त युवा ही विकसित भारत की सबसे बड़ी ताकत’

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राजधानी रायपुर स्थित निरंजन धर्मशाला में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ की 137वीं कड़ी का श्रवण किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि ‘मन की बात’ केवल रेडियो कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रधानमंत्री मोदी का देश के 140 करोड़ नागरिकों से आत्मीय संवाद का सशक्त माध्यम है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस कार्यक्रम के जरिए देश के अलग-अलग हिस्सों में हो रहे नवाचार, प्रेरक प्रयास और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने वाले लोगों के कार्यों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलती है।
‘नशामुक्त युवा, विकसित भारत’ के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने ‘मन की बात’ में ‘नशामुक्त युवा, विकसित भारत’ के संकल्प पर महत्वपूर्ण संदेश दिया। युवा शक्ति विकसित भारत के निर्माण की सबसे बड़ी ताकत है और युवाओं को नशे से दूर रखना परिवार, समाज और राष्ट्र की सामूहिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि नशे का प्रभाव सिर्फ एक व्यक्ति तक सीमित नहीं रहता, बल्कि पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है। स्वस्थ और ऊर्जावान युवा पीढ़ी ही मजबूत राष्ट्र का निर्माण कर सकती है।
‘हर घर तिरंगा’ में दिखा देशवासियों का राष्ट्रप्रेम
CM साय ने कहा कि प्रधानमंत्री ने ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के प्रति देशवासियों के उत्साह का भी उल्लेख किया। अभियान के तहत 8 करोड़ से अधिक लोगों ने तिरंगे के साथ अपनी सेल्फी अपलोड की।
उन्होंने कहा कि यह आंकड़ा देशवासियों के राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान, गौरव और भावनात्मक जुड़ाव को दर्शाता है। ‘हर घर तिरंगा’ अब जन-जन का अभियान बन चुका है और ऐसे अभियान राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करते हैं।
PM स्वनिधि से महिलाओं को मिल रहा आर्थिक संबल
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने PM स्वनिधि योजना के जरिए महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण की भी चर्चा की। रेहड़ी-पटरी और छोटे कारोबार से जुड़ी महिलाओं को योजना से अपने व्यवसाय को आगे बढ़ाने का अवसर मिल रहा है।
उन्होंने बताया कि PM स्वनिधि के लाभार्थियों में करीब 46 प्रतिशत महिलाएं हैं और देशभर में लगभग 35 लाख महिलाएं इससे जुड़ी हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि आर्थिक रूप से सशक्त महिला परिवार के साथ-साथ समाज और देश को भी मजबूत बनाती है।
स्वच्छता को जन-जन का संकल्प बनाने की अपील
CM साय ने कहा कि स्वच्छता में स्थायी बदलाव तभी संभव है, जब यह केवल सरकारी अभियान न रहकर हर नागरिक की आदत और जिम्मेदारी बने। उन्होंने प्रदेशवासियों से घर, मोहल्ले, गांव और शहर के साथ आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने में सक्रिय योगदान देने की अपील की।
अंतरिक्ष विज्ञान में छत्तीसगढ़ की बेटी महिमा राजपूत की उपलब्धि पर गर्व
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत की बेटियां आज हर क्षेत्र में नई ऊंचाइयां हासिल कर रही हैं। प्रधानमंत्री ने ‘मन की बात’ में मिशन शक्ति सैट जैसे प्रयास का उल्लेख किया, जिसके जरिए भारत समेत विभिन्न देशों की हजारों छात्राओं को सैटेलाइट तकनीक समझने और नवाचार से जुड़ने का अवसर मिल रहा है।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के लिए गर्व की बात है कि प्रदेश की महिमा राजपूत भी इस मुहिम का हिस्सा बनी हैं। मुख्यमंत्री ने उन्हें बधाई देते हुए कहा कि प्रदेश की बेटियां शिक्षा, विज्ञान, तकनीक और खेल समेत विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रही हैं।
‘मन की बात’ में छत्तीसगढ़ का उल्लेख गौरव की बात
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘मन की बात’ की अलग-अलग कड़ियों में कई बार छत्तीसगढ़ और यहां के उल्लेखनीय प्रयासों का जिक्र किया है।
उन्होंने बस्तर ओलंपिक, मल्हार में मिले प्राचीन ताम्रपत्र और काले हिरण के संरक्षण जैसे उदाहरणों का उल्लेख करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ की संस्कृति, विरासत, नवाचार और सकारात्मक प्रयासों को राष्ट्रीय मंच पर पहचान मिलना प्रदेशवासियों के लिए गौरव की बात है।
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री अरुण साव, केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा, राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा, विधायक मोतीलाल साहू और पुरंदर मिश्रा, संतजन, विभिन्न निगम-मंडलों के अध्यक्ष, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।



