नकटी प्रभावितों के समर्थन में कांग्रेस की पदयात्रा
दीपक बैज ने सरकार पर साधा निशाना

रायपुर | नकटी गांव में मकान तोड़े जाने के मामले को लेकर छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस(Congress) ने मंगलवार को विरोध प्रदर्शन तेज कर दिया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज प्रभावित ग्रामीणों के साथ नकटी से राजभवन तक पदयात्रा पर निकले। हालांकि राजधानी के तेलीबांधा चौक पर पुलिस प्रशासन ने पदयात्रा को रोक दिया। इसके बाद कांग्रेस नेताओं ने राज्यपाल के नाम प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर प्रभावित परिवारों को न्याय दिलाने की मांग की।
दीपक बैज ने कहा कि नकटी में हुई तोड़फोड़ की कार्रवाई गरीब परिवारों के साथ अन्याय है। उनका आरोप है कि बिना समुचित पुनर्वास योजना के लोगों के मकान तोड़ दिए गए, जिससे कई परिवार बेघर हो गए। उन्होंने मांग की कि जिन लोगों के मकान हटाए गए हैं, उन्हें उसी स्थान पर नए आवास उपलब्ध कराए जाएं। बैज ने कहा कि सरकार को विकास कार्यों के साथ मानवीय पहलुओं का भी ध्यान रखना चाहिए।
सरकार पर उठाए कई सवाल, पुनर्वास की मांग दोहराई
कांग्रेस(Congress) अध्यक्ष ने कहा कि यदि संबंधित जमीन अवैध थी तो वहां प्रधानमंत्री आवास, बिजली कनेक्शन, राशन कार्ड और अन्य सरकारी सुविधाएं कैसे उपलब्ध कराई गईं। उनका आरोप है कि वर्षों से वहां रह रहे लोगों को पर्याप्त संवाद और वैकल्पिक व्यवस्था के बिना हटाया गया, जो उचित प्रक्रिया के अनुरूप नहीं है।
उन्होंने यह भी दावा किया कि कार्रवाई के दौरान बड़ी संख्या में मकान प्रभावित हुए, जिनमें प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बने कुछ मकान भी शामिल हैं। बैज का कहना है कि इससे कई हितग्राहियों को भविष्य में सरकारी आवास योजनाओं का लाभ मिलने में भी कठिनाई हो सकती है। कांग्रेस ने सरकार से प्रभावित परिवारों के पुनर्वास और पूरी कार्रवाई की निष्पक्ष समीक्षा की मांग की है।
कार्रवाई की जांच और कानूनी कदम उठाने की चेतावनी
कांग्रेस(Congress) अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि बरसात के मौसम में इस तरह की कार्रवाई मानवीय दृष्टि से उचित नहीं है। उन्होंने मांग की कि पूरे मामले की जांच कराई जाए और यदि किसी स्तर पर प्रक्रिया में लापरवाही या नियमों का उल्लंघन हुआ है तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।
उन्होंने कहा कि यदि सरकार प्रभावित लोगों को राहत देने और मामले की निष्पक्ष जांच करने की दिशा में कदम नहीं उठाती है तो कांग्रेस इस मामले को न्यायालय तक ले जाएगी। कांग्रेस का कहना है कि वह नकटी के प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है और उनके पुनर्वास तक आंदोलन जारी रखेगी।

