यश की ‘टॉक्सिक’ की कमाई में लगातार गिरावट, तीसरे दिन 26.60 करोड़ का कलेक्शन

साउथ सुपरस्टार यश की फिल्म ‘टॉक्सिक’ को सिनेमाघरों में रिलीज हुए तीन दिन पूरे हो चुके हैं। फिल्म ने पहले दिन शानदार शुरुआत की थी, लेकिन इसके बाद कमाई में लगातार गिरावट देखने को मिल रही है। तीसरे दिन भी फिल्म के कलेक्शन में कमी दर्ज की गई। शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक, तीसरे दिन ‘टॉक्सिक’ ने 26.60 करोड़ रुपये की कमाई की है।
तीन दिन में 165 करोड़ से ज्यादा की कमाई
फिल्म ने रिलीज के पहले दिन 101.10 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया था। दूसरे दिन इसकी कमाई घटकर 37.65 करोड़ रुपये रह गई। वहीं तीसरे दिन फिल्म ने 26.60 करोड़ रुपये कमाए। इस तरह घरेलू बॉक्स ऑफिस पर तीन दिनों में ‘टॉक्सिक’ का कुल कलेक्शन 165.35 करोड़ रुपये हो गया है।
फिल्म की कमाई में लगातार आ रही गिरावट मेकर्स के लिए चिंता का विषय बन सकती है। अगर वीकडेज में भी कलेक्शन का यही रुख रहा तो फिल्म के लिए रोजाना 10 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार करना चुनौतीपूर्ण हो सकता है।
वर्ल्डवाइड 221 करोड़ के पार पहुंची फिल्म
‘टॉक्सिक’ ने दुनियाभर में तीन दिनों में 197.70 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन किया है। वहीं विदेशों में फिल्म ने करीब 23.75 करोड़ रुपये कमाए हैं। इन आंकड़ों को मिलाकर फिल्म का वर्ल्डवाइड कलेक्शन 221.45 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। अब सभी की नजर रविवार के कलेक्शन पर है, क्योंकि वीकेंड का आखिरी दिन फिल्म की कमाई को बढ़ावा दे सकता है।
500 करोड़ के बजट में बनी है ‘टॉक्सिक’
रिपोर्ट्स के मुताबिक, ‘टॉक्सिक’ का बजट करीब 500 करोड़ रुपये बताया जा रहा है। फिल्म की रिलीज से पहले उम्मीद जताई जा रही थी कि यश की लोकप्रियता के चलते यह बड़े स्तर पर कमाई कर सकती है। हालांकि, दूसरे दिन से कलेक्शन में आई गिरावट ने इन उम्मीदों को झटका दिया है।
फिल्म का निर्देशन गीतू मोहनदास ने किया है। इसमें यश के साथ तारा सुतारिया, कियारा आडवाणी, हुमा कुरैशी, रुक्मिणी वसंत और नयनतारा अहम भूमिकाओं में नजर आ रही हैं। फिल्म को लेकर दर्शकों में लंबे समय से उत्सुकता थी, लेकिन शुरुआती दिनों में कमाई का ट्रेंड उम्मीद के मुताबिक मजबूत नहीं दिख रहा है।



