दीपक बैज का BJP सरकार पर हमला, PSC परीक्षा से तारा कोल ब्लॉक और धर्मांतरण तक उठाए सवाल

रायपुर। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी (PCC) के अध्यक्ष दीपक बैज ने PSC परीक्षा में कथित गड़बड़ी, तारा कोल ब्लॉक की नीलामी, धर्मांतरण और RSS को लेकर भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। प्रेसवार्ता के दौरान बैज ने सरकार पर युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने और प्रदेश के जल, जंगल और जमीन को चहेते उद्योगपतियों को सौंपने का आरोप लगाया।
PSC परीक्षा में गड़बड़ी का आरोप
दीपक बैज ने कहा कि 2023 विधानसभा चुनाव के दौरान भाजपा ने PSC परीक्षा को UPSC की तर्ज पर पारदर्शी तरीके से कराने का वादा किया था। इसके बावजूद PSC परीक्षा में कई अनियमितताएं सामने आई हैं।
बैज के मुताबिक, 265 पदों के लिए परीक्षा आयोजित की गई थी और मुख्य परीक्षा में पदों के तीन गुना अभ्यर्थियों को शामिल किया जाना था। लेकिन इंटरव्यू के लिए केवल 608 अभ्यर्थियों का चयन किया गया। उन्होंने कहा कि अभ्यर्थियों का दावा है कि न्यूनतम निर्धारित अंक हासिल करने वाले अन्य उम्मीदवारों को भी इंटरव्यू का अवसर मिलना चाहिए था।
उन्होंने 2024 की मुख्य परीक्षा की उत्तर पुस्तिकाओं की जांच पर भी सवाल उठाया। बैज ने दावा किया कि दो अभ्यर्थियों की उत्तर पुस्तिकाएं सामने आई हैं, जिनमें उत्तर समान हैं, लेकिन एक अभ्यर्थी को शून्य अंक दिए गए, जबकि दूसरे को अंक मिले। उन्होंने सवाल किया कि अगर दोनों के उत्तर समान हैं तो दोनों को अलग-अलग अंक क्यों दिए गए।
तारा कोल ब्लॉक की नीलामी पर सरकार को घेरा
PCC चीफ ने तारा कोल ब्लॉक की नीलामी को लेकर भी भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि सरकार प्रदेश के जल, जंगल और जमीन को चहेते उद्योगपतियों को फायदा पहुंचाने के लिए नीलामी की प्रक्रिया में शामिल कर रही है।
बैज ने कहा कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में लेमरू क्षेत्र को वन्यजीव संरक्षण की दृष्टि से आरक्षित किया गया था। तारा समेत 9 कोल ब्लॉक को नीलामी से बाहर रखने के लिए केंद्र सरकार को पत्र भी लिखा गया था। हसदेव अरण्य में खनन को लेकर सुप्रीम कोर्ट में हलफनामा दाखिल किए जाने का भी उन्होंने जिक्र किया।
उनके अनुसार, इसके बाद कोयला मंत्रालय ने 40 कोल ब्लॉक को नीलामी से अलग रखा था।
हाथी कॉरिडोर और वन्यजीवों को लेकर चिंता
दीपक बैज ने 11 दिसंबर 2025 को भाजपा सरकार की ओर से केंद्र को भेजे गए पत्र का हवाला देते हुए कहा कि इसमें लेमरू क्षेत्र को एलीफेंट एक्टिव एरिया से अलग बताया गया था। बैज ने दावा किया कि वास्तविकता में यह क्षेत्र हाथियों की सक्रिय आवाजाही वाला इलाका है।
उन्होंने चेतावनी दी कि बड़े पैमाने पर जंगलों की कटाई और कोयला खनन से वन्यजीवों पर गंभीर असर पड़ सकता है। जंगल कम होने से हाथियों और अन्य वन्यजीवों का मानव बस्तियों की ओर आना बढ़ सकता है, जिससे मानव-वन्यजीव संघर्ष की स्थिति और गंभीर होने की आशंका है।
कांग्रेस नेता ने PSC परीक्षा की कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच कराने और तारा कोल ब्लॉक समेत हसदेव क्षेत्र से जुड़े कोल ब्लॉकों की नीलामी पर पुनर्विचार करने की मांग की।
‘वोट बैंक के लिए ध्रुवीकरण की राजनीति कर रही BJP’
पूर्व केंद्रीय मंत्री अरविंद नेताम और डिप्टी सीएम अरुण साव के बयानों पर भी दीपक बैज ने पलटवार किया। धर्मांतरण के मुद्दे पर उन्होंने भाजपा पर वोट बैंक की राजनीति करने और समाज में ध्रुवीकरण पैदा करने का आरोप लगाया।
बैज ने कहा कि कानून बनाए जाने के बावजूद धर्मांतरण के मामले सामने आ रहे हैं, ऐसे में सरकार को इस मुद्दे पर अपनी स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के क्रिसमस के अवसर पर चर्च जाने का जिक्र करते हुए भाजपा की राजनीति पर सवाल उठाए।
‘RSS देश में दीमक की तरह’
दीपक बैज ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने RSS को लेकर विवादित टिप्पणी करते हुए कहा कि “RSS देश में दीमक की तरह है।”
राम मंदिर से जुड़े चंदे के मुद्दे पर भी बैज ने सवाल उठाए और भाजपा-RSS पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनता से जुड़े मुद्दों को लगातार उठाती रहेगी।



