Follow Us on Our Social Media
National

दिल्ली पुलिस के ACP मनस्वी वशिष्ठ सस्पेंड, मुख्यालय के बाहर पुलिसकर्मियों के प्रदर्शन का किया था नेतृत्व

दिल्ली पुलिस के सहायक पुलिस आयुक्त (ACP) मनस्वी वशिष्ठ को निलंबित कर दिया गया है। यह कार्रवाई सोमवार को दिल्ली पुलिस मुख्यालय के बाहर हुए विरोध-प्रदर्शन के बाद की गई। ACP मनस्वी वशिष्ठ ने करीब 50 से अधिक पुलिसकर्मियों के साथ प्रदर्शन का नेतृत्व किया था। यह पूरा विवाद 23 अक्टूबर को पूर्वी दिल्ली के शाहदरा थाने में पुलिसकर्मियों और कड़कड़डूमा कोर्ट के वकीलों के बीच हुई झड़प से जुड़ा है।

शाहदरा थाने में झड़प से शुरू हुआ था विवाद

जानकारी के मुताबिक, विवाद की शुरुआत एक आम नागरिक और वकील के बीच हुए झगड़े से हुई थी। दोनों पक्ष शिकायत लेकर शाहदरा थाने पहुंचे थे, जहां उनके बीच मारपीट की स्थिति बन गई। इस दौरान ACP मनस्वी वशिष्ठ पर पिस्तौल दिखाकर धमकाने के आरोप भी लगे थे। मामले ने तूल पकड़ा तो ACP और थाना प्रभारी (SHO) का तबादला कर दिया गया।

वकील ललित बंसल ने आरोप लगाया था कि झड़प के दौरान उनके सिर में चोट आई थी। वहीं, वकीलों ने ACP पर रिवॉल्वर दिखाकर धमकी देने का आरोप लगाते हुए अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी थी। हालांकि, पुलिस का कहना था कि ACP अपनी सर्विस पिस्टल बदल रहे थे, इसलिए उनके हाथ में पिस्तौल थी।

ACP और SHO का किया गया था तबादला

वकीलों के बढ़ते दबाव के बीच 28 अक्टूबर को दिल्ली पुलिस प्रशासन ने ACP मनस्वी वशिष्ठ को गांधी नगर के पद से हटाकर स्पेशल पुलिस यूनिट फॉर वूमेन एंड चिल्ड्रन (SPUWAC) में स्थानांतरित कर दिया था। वहीं, SHO अरुण कुमार का तबादला सिक्योरिटी ब्रांच में कर दिया गया। इसके बाद वकीलों ने अपनी हड़ताल वापस ले ली थी।

पुलिसकर्मियों ने रखी थीं चार मांगें

ACP और SHO के खिलाफ कार्रवाई के बाद पुलिसकर्मियों में नाराजगी बढ़ गई थी। इसी के विरोध में सोमवार को ACP मनस्वी वशिष्ठ के नेतृत्व में 50 से अधिक पुलिसकर्मी दिल्ली पुलिस मुख्यालय के बाहर एकत्र हुए और प्रदर्शन किया। पुलिसकर्मियों की मांग थी कि ड्यूटी के दौरान उनके साथ होने वाली बदसलूकी और मारपीट की घटनाओं को गंभीरता से लिया जाए।

प्रदर्शन के दौरान ACP मनस्वी वशिष्ठ ने दिल्ली पुलिस कमिश्नर के सामने चार मांगें रखी थीं। इनमें ऐसी घटनाओं से निपटने के लिए स्पष्ट मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) बनाने, दर्ज मामले की निष्पक्ष जांच कराने, पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं करने और पुलिस के साथ हाथापाई करने वाले व्यक्ति को गिरफ्तार करने की मांग शामिल थी। इसके बाद अब ACP मनस्वी वशिष्ठ को निलंबित कर दिया गया है।

Follow Us on Our Social Media

Mahi Rajput

Content Writer (News) – 2.5 Years of Experience- Experienced in writing and editing news articles for digital news portals. - Skilled in writing breaking news, feature stories, and informative web content. - Strong fact-checking, research, and editing skills. - Able to meet daily publishing deadlines and produce high-quality content consistently.Social Media Management – 6 Months of Experience- Managed social media accounts and scheduled content. - Created engaging captions and post copies. - Planned and maintained content calendars. - Monitored audience engagement and responded to queries. - Coordinated with the content team to ensure consistent brand communication.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button