किश्तवाड़ में बादल फटने से आई अचानक बाढ़, कई वाहन बहे; शोपियां में भी भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित

जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले के चतरू क्षेत्र में शनिवार तड़के बादल फटने से अचानक बाढ़ आ गई, जिससे कई वाहन बह गए और संपत्ति को नुकसान पहुंचा। एहतियात के तौर पर चतरू-किश्तवाड़ राष्ट्रीय राजमार्ग को यातायात के लिए बंद कर दिया गया है। प्रशासन हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है और प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्य जारी है। फिलहाल किसी के हताहत होने की सूचना नहीं मिली है।
बादल फटने के बाद प्रशासन अलर्ट, नुकसान का आकलन जारी
शनिवार तड़के करीब 2:30 बजे चतरू इलाके में बादल फटने के बाद तेज बहाव के कारण कई वाहन पानी में बह गए। कुछ व्यावसायिक दुकानों को भी नुकसान पहुंचा है। प्रशासन प्रभावित क्षेत्रों का सर्वे कर रहा है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है। केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने किश्तवाड़ के उपायुक्त पंकज कुमार शर्मा से बातचीत कर हालात की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि अब तक किसी जनहानि की सूचना नहीं है तथा प्रभावित दुकानदारों को नियमानुसार मुआवजा दिया जाएगा।
अर्ली वार्निंग सिस्टम पर सरकार का जोर
केंद्रीय मंत्री ने बताया कि पिछले वर्ष क्षेत्र में बादल फटने की घटनाओं के बाद केंद्र सरकार के पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय की ओर से किश्तवाड़ और मछैल में अत्याधुनिक अर्ली वार्निंग सिस्टम स्थापित किए गए हैं। इसके अलावा पाडर क्षेत्र में ऑटोमैटिक वेदर स्टेशन स्थापित करने की प्रक्रिया भी जारी है, ताकि भविष्य में मौसम संबंधी आपदाओं की समय रहते जानकारी मिल सके।
शोपियां में भारी बारिश से घरों में घुसा पानी
दक्षिण कश्मीर के शोपियां जिले के पहलपोरा क्षेत्र में शनिवार सुबह हुई मूसलाधार बारिश के कारण कई घरों में पानी भर गया, जिससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। सूचना मिलते ही पुलिस और राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने, जलभराव निकालने और नुकसान का आकलन करने का काम जारी है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि शोपियां में जलभराव की वजह बादल फटना था या नहीं, इसकी अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और मामले की जांच की जा रही है।

