Follow Us on Our Social Media
Chhattisgarh

खारून नदी का जलस्तर बढ़ने से रायपुर में बाढ़, भाटागांव के कई इलाकों में घुसा पानी; रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

रायपुर। राजधानी रायपुर में लगातार हो रही बारिश के बीच खारून नदी का जलस्तर बढ़ने से भाटागांव क्षेत्र के कई इलाके बाढ़ की चपेट में आ गए हैं। केसरी बगीचा, हरिओम नगर और भर्री खार इलाके में नदी का पानी करीब 2 से 3 किलोमीटर तक फैल गया है। कई घरों में पानी घुस गया है और दर्जनों परिवार बाढ़ के बीच फंसे हुए हैं।

स्थिति की जानकारी मिलते ही शासन-प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं और प्रभावित लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए नावों के जरिए रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। हालांकि, रेस्क्यू के लिए उतारी गई कुछ नावें खराब होने की भी जानकारी सामने आई है, जिन्हें पेड़ से बांधकर रखा गया है। स्थानीय लोग अपने घर और जान बचाने के लिए मदद की गुहार लगा रहे हैं।

शरबा भट्टी बना टापू, आवाजाही प्रभावित

बाढ़ के पानी से शरबा भट्टी क्षेत्र चारों तरफ से घिर गया है और यह इलाका टापू जैसा नजर आ रहा है। पानी भरने के कारण यहां लोगों की आवाजाही बुरी तरह प्रभावित हुई है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, क्षेत्र में पहुंचना भी मुश्किल हो गया है।

अस्पताल और पेट्रोल पंप भी पानी में डूबे

बाढ़ का पानी सुविधा हॉस्पिटल और पेट्रोल पंप तक पहुंच गया है। इसके अलावा आसपास के कई घर भी जलमग्न हो गए हैं। कुछ लोग अपने घरों को बचाने की कोशिश कर रहे हैं, जबकि कई परिवार सुरक्षित स्थान पर पहुंचने के लिए रेस्क्यू टीम का इंतजार कर रहे हैं।

image 2026 09 26T192006.569

सैकड़ों एकड़ सब्जी की फसल बर्बाद, एक हजार से ज्यादा मुर्गियों की मौत

खारून नदी का जलस्तर बढ़ने से नदी किनारे स्थित सब्जी बाड़ियों को भारी नुकसान हुआ है। पानी भरने से सैकड़ों एकड़ में लगी सब्जियों की फसल डूब गई है, जिससे किसानों को बड़े आर्थिक नुकसान की आशंका है।

वहीं, बाढ़ के पानी की चपेट में आने से एक मुर्गी फार्म में एक हजार से ज्यादा मुर्गियों और मुर्गों की मौत होने की जानकारी सामने आई है। पानी तेजी से बढ़ने के कारण फार्म में मौजूद पक्षियों को सुरक्षित निकालने का मौका नहीं मिल सका।

लोगों को सुरक्षित निकालने के प्रयास जारी

बाढ़ प्रभावित इलाकों में नावों के जरिए लोगों को सुरक्षित निकालने के प्रयास किए जा रहे हैं। प्रशासन की टीमें लगातार हालात पर नजर बनाए हुए हैं। प्रभावित लोगों से पानी बढ़ने की स्थिति में सुरक्षित स्थानों पर जाने और रेस्क्यू टीम के निर्देशों का पालन करने की अपील की जा रही है।

Follow Us on Our Social Media

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button